फिल्म को लेकर लंबे समय से अफवाहें थीं कि इसके सीक्वल में कई बड़े सितारों के कैमियो हो सकते हैं. अब इन अटकलों को और हवा मिल गई है.
स्टाइलिस्ट ने शेयर की एआई तस्वीर
मोहनलाल के स्टाइलिस्ट जिशाद शम्सुद्दीन ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक एआई जनरेटेड तस्वीर साझा की. इस तस्वीर में भूरे बालों वाले शाहरुख खान कार की स्टीयरिंग व्हील पर बैठे हैं, उनके बगल में मोहनलाल बैठे हैं, जबकि पिछली सीट पर रजनीकांत और शिवा राजकुमार विराजमान हैं. इस तस्वीर को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘कंडिप्पा इरुक्कम’, जिसका तमिल में मतलब है ‘बिल्कुल होगा’. इस पोस्ट ने साफ कर दिया है कि ‘जेलर 2’ में शाहरुख खान का कैमियो तो होगा ही, बल्कि उनका एक सीन रजनीकांत, मोहनलाल और शिवा राजकुमार के साथ भी होगा.
पहले भी हो चुके हैं संकेत
इससे पहले दिसंबर 2025 में मिथुन चक्रवर्ती ने भी शाहरुख खान के ‘जेलर 2’ में होने का संकेत दिया था. एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने अपने को-स्टार्स के नाम गिनाते हुए कहा था, ‘मोहनलाल, शाहरुख खान, राम्या कृष्णन, शिव राजकुमार’. इस बयान ने उस वक्त भी प्रशंसकों के बीच काफी उत्साह पैदा कर दिया था. मिथुन चक्रवर्ती के इस फिल्म में विलेन की भूमिका में होने की भी खबर है.
वायरल हो रही ये पोस्ट.
क्या होगा शाहरुख का रोल?
ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख खान ‘जेलर 2’ में रजनीकांत के किरदार ‘टाइगर’ मुथुवेल पांडियन के करीबी दोस्त की भूमिका में नजर आ सकते हैं. यह भूमिका एक कैमियो होगी, लेकिन काफी प्रभावशाली बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि शाहरुख मार्च 2026 में अपने हिस्से की शूटिंग करेंगे, जो फिल्म का आखिरी शेड्यूल होगा.
रजनीकांत और शाहरुख की पहली फिल्म
यह पहला मौका होगा जब रजनीकांत और शाहरुख खान एक साथ पर्दे पर नजर आएंगे. इससे पहले 2011 में आई फिल्म ‘रा. वन’ में रजनीकांत का कैमियो था, लेकिन वह उनकी 2010 की फिल्म ‘एंथिरन’ के किरदार चिट्टी के रूप में था, जिसमें असली रजनीकांत ने शूट नहीं किया था.
फिल्म की रिलीज डेट और स्टारकास्ट
‘जेलर 2’ में रजनीकांत, शाहरुख खान के अलावा मोहनलाल, शिवा राजकुमार, मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, एसजे सूर्या और राम्या कृष्णन जैसे कई बड़े कलाकार नजर आएंगे. हाल ही में एक्टर जतिन सरना ने भी फिल्म का अपना शेड्यूल पूरा करने की जानकारी दी है. यह फिल्म अब 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसके धमाकेदार ओपनिंग लेने की उम्मीद है.
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.