एक्टर अन्नू कपूर ने हाल ही में दिवंगत एक्टर ओम पुरी पर उनकी बहन सीमा कपूर की जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शादी के बाद ओम पुरी ने सीमा को धोखा दिया और पत्रकार नंदिता पुरी के साथ संबंध बना लिए, जिससे उनकी बहन का वैवाहिक जीवन टूट गया। सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में अन्नू कपूर ने अपनी बहन सीमा कपूर और ओम पुरी के रिश्ते को याद करते हुए कहा कि ओम पुरी असाधारण एक्टर थे, लेकिन निजी जीवन में उन्होंने एक महिला को धोखा दिया और वह महिला उनकी बहन सीमा थीं। अन्नू कपूर ने कहा, ‘वे किसी के पति बने, और पति बनने के बाद उन्होंने एक महिला को धोखा दिया। यहीं से सब कुछ बिगड़ गया और मैं उस महिला का भाई हूं।’ उन्होंने यह भी कहा कि ओम पुरी के अंतिम दिनों में उनकी बहन सीमा ने ही उनकी देखभाल की। उनके मुताबिक, जब ओम पुरी शारीरिक रूप से कमजोर हो गए थे, तब सीमा उनके साथ खड़ी रहीं। अब मन में कोई द्वेष नहीं: अन्नू कपूर बातचीत के दौरान अन्नू कपूर ने यह भी कहा कि अब उनके मन में किसी के प्रति कोई द्वेष नहीं है। उन्होंने कहा कि ओम पुरी अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनका बेटा और पत्नी नंदिता हैं, जिनके लिए उन्होंने भगवान से प्रार्थना की। हालांकि, उन्हें इस बात का अफसोस है कि उनकी बहन सीमा कपूर का जीवन बर्बाद हो गया। अन्नू ने कहा, ‘मुझे इस बात का अफसोस है कि मेरी बहन सीमा कपूर का जीवन बर्बाद हो गया, उनके पास कोई सहारा नहीं है।’ उन्होंने आगे कहा कि अगर वह इस रिश्ते से जुड़ी सारी बातें बताने लगेंगे, तो मामला और गंभीर हो जाएगा, क्योंकि उनके भीतर का भाई सामने आ जाएगा। अन्नू के मुताबिक, ओम पुरी भी उनसे बहुत घबराते थे क्योंकि वह हमेशा बेबाकी से अपनी बात रखते हैं। ओम पुरी ने 1991 में अन्नू कपूर की बहन सीमा कपूर से शादी की थी। यह शादी बहुत कम समय तक चली और महज 8 महीने बाद ही दोनों अलग हो गए। वहीं, सीमा कपूर से अलग होने के बाद 1993 में ओम पुरी ने जर्नलिस्ट नंदिता पुरी से शादी की। बता दें कि ओम पुरी का निधन 6 जनवरी 2017 को दिल का दौरा पड़ने से हुआ था।
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.