पवन कल्याण की फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ की रिलीज डेट में हुए अचानक बदलाव ने इंडियन बॉक्स ऑफिस पर हलचल मचा दी है. मेकर्स द्वारा फिल्म को एक हफ्ते पहले, यानी 19 मार्च को रिलीज करने के फैसले ने इसे सीधे तौर पर रणवीर सिंह की पैन-इंडिया फिल्म ‘धुरंधर 2’ के सामने खड़ा कर दिया है. यह क्लैश केवल दो सुपरस्टार्स के बीच नहीं, बल्कि साउथ बनाम बॉलीवुड की एक बड़ी जंग के रूप में देखा जा रहा है.
नई दिल्ली. भारतीय सिनेमा के इतिहास में साल 2026 बॉक्स ऑफिस के लिए ‘युद्ध का मैदान’ साबित होने वाला है. एक तरफ बॉलीवुड के सुपरस्टार रणवीर सिंह अपनी पैन-इंडिया फिल्म ‘धुरंधर 2’ के साथ हिंदी बेल्ट पर राज करने को तैयार हैं, वहीं दूसरी ओर साउथ के ‘पावर स्टार’ पवन कल्याण ने अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ की रिलीज डेट बदलकर पूरी इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है.

उस्ताद भगत सिंह: पवन कल्याण की एक्शन से भरपूर फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त दीवानगी है. पहले यह फिल्म 26 मार्च को रिलीज होने वाली थी, लेकिन मेकर्स ने अचानक एक बड़ा फैसला लेते हुए इसे एक हफ्ते पहले यानी 19 मार्च को रिलीज करने का ऐलान किया है.

प्रोडक्शन हाउस मैथ्री मूवी मेकर्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर एक धमाकेदार पोस्टर साझा करते हुए लिखा- ‘हमारी फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सेलिब्रेशन के लिए एक हफ्ते पहले आ रही है. अब यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.’ इस घोषणा ने साउथ और नॉर्थ दोनों ही क्षेत्रों के डिस्ट्रीब्यूटर्स के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं, क्योंकि अब यह फिल्म सीधे तौर पर बॉलीवुड की बड़ी रिलीज के सामने खड़ी हो गई है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

हरीश शंकर द्वारा निर्देशित यह फिल्म साल 2016 की सुपरहिट तमिल फिल्म ‘थेरी’ की आधिकारिक रीमेक बताई जा रही है. ‘थेरी’ का निर्देशन एटली ने किया था और इसमें थलपति विजय ने मुख्य भूमिका निभाई थी. अब उसी किरदार को पवन कल्याण अपने ‘स्वैग’ और ‘पावर’ के साथ पेश करने जा रहे हैं. फिल्म में वे एक सख्त और बहादुर पुलिस अधिकारी के रूप में नजर आएंगे, जो बुराई का सफाया करने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है.

फिल्म में पवन कल्याण के साथ खूबसूरत श्रीलीला मुख्य भूमिका में हैं. इसके अलावा आशुतोष राणा, नवाब शाह, गौतमी और केएस रविकुमार जैसे दिग्गज कलाकार अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरेंगे.<br />पवन कल्याण की फिल्म की तारीख बदलने का सबसे बड़ा असर बॉलीवुड पर पड़ा है. 19 मार्च को ही रणवीर सिंह की पैन-इंडिया फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ रिलीज हो रही है.

रणवीर सिंह की इस फिल्म का निर्देशन आदित्य धर कर रहे हैं और इसमें हाई-ऑक्टेन एक्शन के साथ-साथ देशभक्ति का तड़का भी है. ‘धुरंधर’ के पहले भाग की सफलता के बाद इसके दूसरे भाग को लेकर हिंदी दर्शकों में काफी उत्साह है. ‘उस्ताद भगत सिंह’ के 19 मार्च को आने से अब स्क्रीन्स का बंटवारा होगा. साउथ में पवन कल्याण का दबदबा है, जबकि हिंदी बेल्ट में रणवीर सिंह की पकड़ मजबूत है. यह देखना दिलचस्प होगा कि पैन-इंडिया अपील के मामले में कौन बाजी मारता है.

फिल्म जानकारों का मानना है कि ‘उस्ताद भगत सिंह’ की रिलीज डेट प्री-पोन करने के पीछे कन्नड़ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ भी एक बड़ी वजह हो सकती है. ‘केजीएफ’ फेम यश की फिल्मों का क्रेज पूरे भारत में है. पवन कल्याण के मेकर्स शायद यह नहीं चाहते थे कि उनकी फिल्म ‘टॉक्सिक’ के साथ टकराए या उसके आने के बाद बॉक्स ऑफिस पर उसका असर कम हो जाए. बता दें, दर्शकों को अब 19 मार्च का इंतजार है, जहां ‘धुरंधर 2’ के साथ ‘उस्ताद भगत सिंह’ भिडेगी. यह मुकाबला अब केवल दो स्टार्स के बीच नहीं, बल्कि दो बड़े सिनेमाई बाजारों के बीच है.

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में पवन कल्याण की फिल्म के सामने कोई टिकना मुश्किल है. वहां के सिंगल स्क्रीन्स और मल्टीप्लेक्स ‘उस्ताद भगत सिंह’ के रंग में रंगे होंगे. वहीं, उत्तर भारत, महाराष्ट्र और ओवरसीज मार्केट में रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ को भारी बढ़त मिल सकती है. वैसे, बॉक्स ऑफिस पर जीत उसी की होगी जिसकी कहानी में दम होगा. ‘उस्ताद भगत सिंह’ एक मसाला रीमेक है, जबकि ‘धुरंधर 2’ एक ऑरिजिनल थ्रिलर है.
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.