हिंदी फिल्मों की हीरोइनों का शिफॉन साड़ी से पुराना नाता है. चाहे 70 दशक की फिल्म हो या 90 से लेकर 2020 की, रोमांटिक गानों में हीरोइन शिफॉन की साड़ी में जरूर लिपटी नजर आती है. कभी बारिश में भीगती तो कभी ऊंचे पहाड़ों और बर्फीली वादियों में डांस करती दिख जाती है. कई बार तो हड्डियां गला देने वाले ठंडे तापमान में भी इन पर गाना फिल्माया जाता है. ऐसा ही एक गाना है फिल्म इंडस्ट्री की डांसिंग क्वीन, धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित का. ये फिल्म है पुकार, जो 2000 में रिलीज हुई थी. फिल्म तो उतनी नहीं चली थी, लेकिन माधुरी दीक्षित का ये गाना जरूर हिट साबित हुआ था. इस गाने में माधुरी ने लाइट ब्लू कलर की शिफॉन साड़ी पहनी है. ये गाना दिल को छू लेने वाला है, जिसे आज भी लोग सुनना पसंद करते हैं. इस सॉन्ग के बोल हैं ‘किस्मत से तुम हमको मिले हो’. इसमें माधुरी के साथ अनिल कपूर हैं. गाने की सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि इसकी शूटिंग अलास्का के ग्लेशियर्स में -30 से -40 डिग्री सेल्सियस टेम्परेचर के बीच हुई थी. अनिल कपूर तो पूरे गर्म कपड़े, लॉन्ग कोट में नजर आए, लेकिन माधुरी दीक्षित इस हाड़ कंपा देने वाले ठंडे वातावरण में पतली सी शिफॉन साड़ी में थीं. एक इंटरव्यू में माधुरी दीक्षित ने कहा था कि इतनी ठंड थी कि उनके होंठ नीले पड़ जाते थे. ऐसा लगता था जैसे शरीर बर्फ की तरह जम गया हो. एक बार तो शूटिंग के दौरान जोर-जोर से रोने भी लगी थीं.
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.