सलमान खान और दबंग फिल्म के डायरेक्टर अभिनव कश्यप के बीच पुराना विवाद अब भी चर्चा में बना हुआ है. हाल ही में एक इंटरव्यू में अनुराग कश्यप ने अपने भाई के विवादित बयानों पर खुलकर बात की. उन्होंने साफ कहा कि उन्हें सब पता है कि क्या चल रहा है, लेकिन वो इस पर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं बोलेंगे. उन्होंने यह भी साफ किया कि भाई अभिनव कश्यप ने उनसे इस मसले पर पब्लिकली बात करने से मना किया है.
सलमान खान और अनुभव कश्यप के बीच पुराना है विवाद.
पब्लिकली कुछ भी कहने से कर दिया मना
मिड डे को दिए इंटरव्यू में अनुराग कश्यप ने आखिरकार अपने भाई अभिनव कश्यप के विवादित बयानों पर चुप्पी तोड़ी है. डायरेक्टर ने साफ कहा कि उन्हें मामले की पूरी जानकारी है, लेकिन वो सार्वजनिक रूप से कुछ भी कहने से बचना चाहते हैं. इसकी वजह बताते हुए अनुराग ने कहा कि उनके भाई ने पहले ही उन्हें इस मसले पर बात करने से मना किया था.
भाई अभिनव कश्यप के विवाद पर क्या बोले अनुराग?
अनुराग कश्यप ने कहा, ‘मुझे अच्छे से पता है कि क्या चल रहा है, लेकिन मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता. सीधा सा कारण है कि काफी समय पहले अभिनव ने ही मुझसे कहा था कि मैं उनके बारे में कोई बात न करूं. एक भाई होने के नाते मैं उन्हें बहुत प्यार करता हूं और मैं समझता हूं कि काफी कुछ कहा जा चुका है. जहां तक मुझे पता है, अभिनव एक मानहानि का केस भी हार चुके हैं, जो पहले से चल रहा था.’ अनुराग ने आगे कहा, ‘मैं इस बारे में पब्लिक में कुछ नहीं कह सकता. देखिए, मैं अपने बारे में जो चाहे बोलने के लिए आजाद हूं, लेकिन वो मेरा भाई है और उसने बड़ी साफगोई से मुझसे कह दिया था कि मैं उसके मसलों पर बात न करूं.’
क्या है विवाद का पूरा मामला?
अभिनव कश्यप और सलमान खान के बीच तनातनी की शुरुआत दबंग फिल्म की शूटिंग के दौरान ही हो गई थी. अभिनव के मुताबिक, फिल्म बनाने का अनुभव उनके लिए काफी कड़वा रहा, जिसके बाद सलमान और उनके परिवार के साथ उनके रिश्ते सरेआम खराब हो गए. धीरे-धीरे यह अनबन एक लंबी जुबानी जंग में बदल गई. अभिनव ने सीधे तौर पर यह संगीन आरोप लगाया कि सलमान खान और उनके परिवार ने मिलकर उनके करियर को पूरी तरह बर्बाद कर दिया.
सलमान खान का बिना नाम लिए दिया था जवाब
सलमान खान ने हमेशा इस विवाद से दूरी बनाए रखी और कभी भी सीधे तौर पर अभिनव के आरोपों पर कोई बड़ी प्रतिक्रिया नहीं दी. हालांकि, रियलिटी शो बिग बॉस के एक एपिसोड के दौरान उन्होंने बातों-बातों में इन आरोपों का जवाब जरूर दिया था. किसी का नाम लिए बिना सलमान ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया कि वह किसी का करियर तबाह करते हैं. उन्होंने कहा कि उनके पास इन सब फालतू बातों के लिए वक्त नहीं है.
About the Author

साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.