अनुराग कश्यप की खुशी का इन दिनों कोई ठिकाना नहीं है. डायरेक्टर का 3 साल का इंतजार आखिरकार खत्म हुआ और उनकी साइकोलॉजिकल थ्रिलर केनेडी की भारत में रिलीज का रास्ता साफ हो गया. ये वही फिल्म है जिसे 3 साल पहले कान्स फिल्म फेस्टिवल में 7 मिनट का स्टैंडिंग ओवेशन मिला था. पूरी दुनिया में डंका बजवाने के बाद अब आखिरकार केनेडी भारतीय दर्शकों के सामने प्रस्तुत होने जा रही है.
अनुराग कश्यप एक बार फिर अपने सिग्नेचर डार्क और बेचैन कर देने वाले सिनेमा के साथ लौट आए हैं. उनकी चर्चित और मच अवेटेड फिल्म केनेडी ओटीटी पर दस्तक देने के लिए तैयार है. फिल्म ‘केनेडी’ का ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है और यह साफ कर देता है कि दर्शकों को एक इंटेंस, वायलेंट और साइकोलॉजिकल थ्रिलर देखने को मिलने वाला है.

साल 2023 में अनुराग कश्यप की फिल्म कान्स फिल्म फेस्टिवल के मिडनाइट स्क्रीनिंग सेक्शन में प्रीमियर हुई थी. जहां फिल्म को 7 मिनट का स्टेंडिंग ओवेशन मिला था और विदेशी क्रिटिक्स भी फिल्म के मुरीद हो गए थे. ‘केनेडी’ सीडनी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, बुचोन इंटरनेशनल फैंटास्टिक फिल्म फेस्टिवल, न्यूसटेल इंटरनेशनल फैंटास्टिक फिल्म फेस्टिवल, इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न और लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में भी प्रीमियर हुई थी.

अब तीन साल के इंतजार के बाद अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी फिल्म केनेडी भारतीय दर्शकों के सामने आ रही है. लंबे इंतजार के बाद फिल्म की रिलीज डेट सामने आ गई है. ‘केनेडी’ 11 दिन बाद 20 फरवरी से Zee5 पर स्ट्रीम होगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

फिल्म की कहानी एक ऐसे रहस्यमयी शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो दो बिल्कुल अलग जिंदगियां जीता है. दिन के उजाले में वह एक आम टैक्सी ड्राइवर है, जो शहर की सड़कों पर लोगों को उनके ठिकाने तक पहुंचाता है. लेकिन जैसे ही रात उतरती है, वही इंसान पुलिस कमिश्नर के लिए कॉन्ट्रैक्ट किलर बन जाता है.

ट्रेलर की शुरुआत केनेडी के खौफनाक वॉयसओवर से होती है, जहां वह अपने किए कत्लों को कबूल करता है. यहीं से फिल्म की मिस्ट्री की शुरुआत होती. ट्रेलर ही ऑडियंस को बांटे रखती है. फिल्म में राहुल भट्ट मुख्य भूमिका में हैं और ‘केनेडी’ एक ऐसे शख्स की कहानी है, जो दोहरी जिंदगी जी रहा है.

कहानी तब और उलझ जाती है जब सनी लियोनी का किरदार केनेडी की जिंदगी में एंट्री लेता है. उसकी मौजूदगी न सिर्फ ‘केनेडी’ की रोजमर्रा की दुनिया को हिला देती है, बल्कि उसे उस अंधेरे में भी खींच ले जाती है, जिससे वह अब तक खुद को अलग रखने की कोशिश करता रहा है. जैसे-जैसे पुलिस के शिकंजे कसने लगते हैं, केनेडी की दोहरी पहचान टूटने लगती है और उसका संतुलन बिखरने लगता है.

‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’, ‘ब्लैक फ्राइडे’ और ‘रमन राघव 2.0’ जैसी हार्ड-हिटिंग फिल्मों के लिए मशहूर अनुराग कश्यप एक बार फिर समाज के काले सच को दिखाते हैं. ‘केनेडी’ में उनका रियलिस्टिक अंदाज साफ नजर आता है, जिसमें मार-पीट, एक्शन और साइकोलॉजिकल थ्रिलर का अनोखा मिश्रण है.

‘केनेडी’ के करीब दो मिनट के ट्रेलर ने ऑडियंस में उत्साह भर दिया है और लंबे इंतजार के बाद फिल्म के भारत में रिलीज होने से अनुराग कश्यप भी काफी खुश नजर आ रहे हैं. उन्होंने एक पोस्ट शेयर कर अपनी खुशी जाहिर की थी.
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.