स्टार प्लस के पॉपुलर शो ‘अनुपमा’ को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. शो में अभिनेता सचिन त्यागी की एंट्री कन्फर्म हो गई है. हाल ही में रिलीज हुए टीजर में उनकी झलक दिखाई गई है, हालांकि मेकर्स ने अभी उनके किरदार को सस्पेंस में रखा है. इससे फैंस के बीच यह जानने की उत्सुकता बढ़ गई है कि उनका रोल कहानी में क्या नया मोड़ लाएगा.
‘अनुपमा’ में नई एंट्री होने वाली है.
टीजर में सचिन त्यागी की बस एक झलक दिखाई गई है, लेकिन उसी से यह साफ हो गया है कि आने वाले एपिसोड्स में कहानी में नया ड्रामा और कई बड़े ट्विस्ट देखने को मिल सकते हैं. फैंस अब यह जानने के लिए बेहद उत्सुक हैं कि उनका किरदार आखिर कौन होगा और वह अनुपमा की पहले से ही चुनौतियों से भरी जिंदगी में क्या नया बदलाव लाएगा. क्या उनका किरदार अनुपमा के लिए सहारा बनेगा या फिर कहानी में किसी नए संघर्ष की शुरुआत करेगा—यह सवाल अभी सस्पेंस बना हुआ है.
सचिन त्यागी की ‘अनुपमा’ में होगी धांसू एंट्री
वैसे सचिन त्यागी टेलीविजन दर्शकों के लिए कोई नया नाम नहीं हैं. इससे पहले वह स्टार प्लस के ही सुपरहिट शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता’ में मनीष गोयनका के किरदार में नजर आए थे. इस शो में उन्होंने कार्तिक गोयनका के पिता का किरदार निभाया था, जो एक समझदार, भावुक और परिवार को जोड़कर रखने वाले इंसान के रूप में दर्शकों के दिलों में खास जगह बना गया था. उनके इस किरदार को दर्शकों ने काफी पसंद किया और उन्हें भरपूर प्यार भी मिला.
रुपाली गांगुली के शो का हिस्सा बनने पर जताई खुशी
शो में अपनी एंट्री को लेकर बात करते हुए सचिन त्यागी ने अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि अनुपमा की कास्ट का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास है. उन्होंने बताया कि वह इस प्रोडक्शन हाउस के साथ साल 2014 से काम कर रहे हैं, इसलिए उन्हें बिल्कुल भी ऐसा नहीं लग रहा कि वह किसी नई या अनजान जगह पर आए हैं. उनके लिए यह एक परिवार की तरह है. सचिन ने प्रोड्यूसर राजन शाही की भी जमकर तारीफ की और कहा कि जिस तरह से वह अपनी कहानियों और किरदारों को लेकर जुनून रखते हैं, वह सच में प्रेरणादायक है.
सचिन ने यह भी बताया कि उनका और प्रोडक्शन हाउस का साथ अब करीब 12 साल पुराना हो चुका है और यह रिश्ता आगे भी ऐसे ही बना रहेगा. हालांकि उन्होंने अपने किरदार के बारे में ज्यादा जानकारी देने से परहेज किया, लेकिन इतना जरूर कहा कि उनका रोल काफी जटिल और कई परतों वाला है. उन्होंने संकेत दिया कि इस किरदार में कई अलग-अलग शेड्स देखने को मिलेंगे, जो कहानी को और दिलचस्प बना देंगे.
अब दर्शकों की नजरें आने वाले एपिसोड्स पर टिकी हुई हैं. सचिन त्यागी की एंट्री के साथ यह साफ है कि अनुपमा की कहानी में जल्द ही कुछ बड़ा होने वाला है. नए ड्रामा, नई भावनाओं और मजबूत कास्टिंग के साथ शो एक बार फिर साबित करने के लिए तैयार है कि वह टेलीविजन के सबसे चर्चित और पसंद किए जाने वाले शोज में से एक क्यों बना हुआ है.
About the Author

प्रांजुल सिंह 3.5 साल से न्यूज18 हिंदी से जुड़ी हुई हैं. उन्होंने Manorama School Of Communication (MASCOM) से जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन में डिप्लोमा किया है. वो 2.5 साल से एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही है…और पढ़ें
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.