साउथ फिल्म इंडस्ट्री में अब वो दौर गया जब स्टार किड होने का मतलब सिर्फ पर्दे पर हीरो बनकर एंट्री मारना होता था. आज की जनरेशन कुछ अलग ही मिट्टी की बनी है. थलापति विजय के बेटे जेसन संजय से लेकर पवन कल्याण के लाडले अकीरा नंदन तक, ये युवा अपनी विरासत को एक नए नजरिए से देख रहे हैं. कोई कैमरे के पीछे की पेचीदगियों को समझ रहा है, तो कोई म्यूजिक और राइटिंग के जरिए अपनी अलग पहचान बना रहा है.
नई दिल्ली. साउथ सितारों के बच्चे अब बनी-बनाई लीक पर चलने के बजाय अपनी अलग राह बना रहे हैं. जहां पहले सुपरस्टार का बेटा होने का मतलब सिर्फ एक ग्रैंड हीरो लॉन्च माना जाता था, वहीं जेसन संजय से लेकर अकीरा नंदन तक, ये स्टारकिड्स कैमरे के पीछे की बारीकियों को समझने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. कोई डायरेक्शन की कमान संभाल रहा है, तो कोई म्यूजिक और राइटिंग में अपनी प्रतिभा तराश रहा है. आइए जानते हैं कि साउथ के ये चर्चित स्टार किड्स आजकल किन प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं.

सितारा घट्टामनेनी: महेश बाबू की बेटी सितारा आज के दौर में सोशल मीडिया की एक बड़ी सनसनी और यूथ आइकॉन बन चुकी हैं. वे बड़े-बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों में दिखती हैं और अपने डांस के हुनर से सबका दिल जीत लेती हैं. लेकिन फिलहाल उनका इरादा फिल्मों में आने का नहीं है. वे अपनी डिजिटल मौजूदगी के जरिए खुद की एक अलग पहचान बना रही हैं और अपनी क्रिएटिविटी से कामयाबी हासिल कर रही हैं.

जेसन संजय: अगर थलापति विजय के बेटे ने एक्टिंग में आने का फैसला किया होता, तो साउथ में तहलका मच जाना तय था. लेकिन जेसन संजय ने एक अलग और हिम्मत वाला रास्ता चुना और वो है कैमरे के पीछे रहने का. उन्होंने शॉर्ट फिल्मों से हाथ साफ किया और अब सिग्मा नाम की पूरी फिल्म डायरेक्ट कर रहे हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

स्टार्स के इस दौर में यह फैसला वाकई बड़ा है. स्टार का बेटा होने के नाते शोहरत तो विरासत में मिल जाती है. लेकिन एक डायरेक्टर के तौर पर इज्जत कमाना मेहनत और सब्र का काम है. उनकी यही जिद उन्हें सबसे अलग बनाती है. ऐसा माना जाता है कि वो दिन दूर नहीं जब जेसन डायरेक्शन के मामले में दुनियाभर में नाम कमाएंगे.

विस्मया मोहनलाल: मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल की बेटी विस्मया एक बेहतरीन राइटर और पेंटर हैं. वह चकाचौंध से दूर एक शांत जिंदगी जीना पसंद करती हैं, जहां उनका पूरा ध्यान साहित्य और कला के जरिए खुद को अभिव्यक्त करने पर रहता है. उनकी लिखी किताबें भी प्रकाशित हो चुकी हैं. हालांकि, वह अब फिल्मों से जुड़ी बारीकियां सीख रही हैं.

महाधन: रवि तेजा के बेटे महाधन ने भी एक्टिंग के बजाय डायरेक्शन की बारीकियां सीखने का मन बनाया है. वह संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ में डायरेक्शन की टीम का हिस्सा बनकर काम सीख रहे हैं. हालांकि, महाधन एक बार कैमरे का सामना कर चुके हैं. लेकिन फिलहाल उनका पूरा फोकस फिल्म मेकिंग सीखने पर है.

अकीरा नंदन: पवन कल्याण के बेटे अकीरा ने फिलहाल फिल्मी चकाचौंध से थोड़ी दूरी बना रखी है. उनका रुझान संगीत की तरफ ज्यादा है. वह पियानो बजाने में माहिर हैं और संगीत की बारीकियों को समझ रहे हैं. चर्चा तो यह भी है कि वह कुछ कंपोजिशन्स में अपना हाथ भी आजमा रहे हैं.

दीया: सूर्या और ज्योतिका की बेटी दीया ने भी अपने करियर की शुरुआत के लिए डायरेक्शन का ही रास्ता चुना. उन्होंने महिलाओं की मेहनत को सलाम करने के लिए एक डॉक्यू-ड्रामा बनाया है. यह उन महिला लाइट टेक्नीशियन्स पर आधारित है जो सेट पर दिन-रात काम करती हैं. यह कोई ग्लैमरस विषय नहीं है, बल्कि एक गंभीर और अलग नजरिया पेश करने वाली कोशिश है.
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.