साउथ से लेकर नॉर्थ तक आज इस हसीना का सिक्का जमकर चल रहा है. कर्नाटक के एक छोटे से शहर से निकली इस लड़की ने महज कुछ सालों में ही पूरे भारत को अपना दीवाना बना लिया है. जर्नलिज्म की पढ़ाई छोड़ जब एक्टिंग में कदम रखा, तो किसी ने नहीं सोचा था कि एक दिन ये देश की ‘नेशनल क्रश’ बन जाएंगी. आज आलम यह है कि बड़े-बड़े सुपरस्टार्स भी इनके साथ स्क्रीन शेयर करने के लिए बेताब रहते हैं. एक्ट्रेस की कामयाबी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जहां इन्होंने करियर की शुरुआत लाखों में की थी, वहीं आज एक फिल्म के लिए करोड़ों तक चार्ज कर रही हैं.
नई दिल्ली. रश्मिका मंदाना साउथ सिनेमा की पॉपुलर एक्ट्रेस हैं. बॉलीवुड में भी उन्होंने अपने हुनर का जलवा बिखेरा है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि स्टार बनने का उनका यह सफर कितना प्रेरणादायक रहा है? अप्रैल 1996 में कर्नाटक के विराजपेट के एक मध्यमवर्गीय कुर्ग हिंदू परिवार में जन्मी रश्मिका ने अपनी संस्कृति से जुड़े रहकर बड़े सपने देखना कभी नहीं छोड़ा. उनकी कहानी इस बात की गवाह है कि कैसे पक्के इरादों और आत्मविश्वास के दम पर एक छोटे से शहर की लड़की भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा चेहरा बन गई.

बहुत कम लोग जानते हैं कि फिल्मों में आने से पहले रश्मिका का पूरा ध्यान अपनी पढ़ाई पर था. वह बेंगलुरु शिफ्ट हुईं और वहां से साइकोलॉजी, जर्नलिज्म और इंग्लिश लिटरेचर की पढ़ाई की. इसी पढ़ाई ने उनके बात करने के अंदाज और कॉन्फिडेंस को निखारा. कॉलेज के दिनों में रश्मिका ने मॉडलिंग और ब्यूटी पेजेंट्स में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था और यहीं से उनके लिए फिल्मी दुनिया के रास्ते खुलते चले गए.

आखिरकार साल 2016 में कन्नड़ फिल्म ‘किरिक पार्टी’ से रश्मिका ने अपना एक्टिंग डेब्यू किया. यह फिल्म जबरदस्त हिट रही और रातों-रात वह युवाओं की पहली पसंद बन गईं. फिल्म की कामयाबी ने यह साबित कर दिया कि रश्मिका में लंबी रेस का घोड़ा बनने के सारे गुण हैं. उन्होंने दिखा दिया कि वह पर्दे पर इमोशनल सीन हों या चुलबुलापन, दोनों को बखूबी निभा सकती हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

कन्नड़ सिनेमा में धाक जमाने के बाद रश्मिका ने तेलुगु इंडस्ट्री का रुख किया. ‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ जैसी सुपरहिट फिल्मों ने उन्हें घर-घर में पहचान दिला दी. उनकी नैचुरल एक्टिंग और प्यारी मुस्कान पर फैंस ऐसे फिदा हुए कि उन्हें रातों-रात ‘नेशनल क्रश’ और ‘कर्नाटक क्रश’ का खिताब मिल गया.

रश्मिका की सफलता का ग्राफ तब और ऊंचा चढ़ गया जब उन्होंने ‘पुष्पा: द राइज’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म के जरिए पूरे देश में अपनी पहचान बनाई. बड़े-बड़े सुपरस्टार्स के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए उन्होंने साबित कर दिया कि वह किसी से कम नहीं हैं. इसके बाद बॉलीवुड में उनकी एंट्री भी धमाकेदार रही; ‘गुडबाय’ और ‘एनिमल’ जैसी फिल्मों ने उन्हें हिंदी दर्शकों के बीच भी सुपरहिट बना दिया.

आज रश्मिका मंदाना साउथ की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली एक्ट्रेसेस में गिनी जाती हैं. खबरों की मानें तो ‘पुष्पा’ के पहले पार्ट के लिए उन्होंने 2 करोड़ रुपये लिए थे, जबकि इसके सीक्वल के लिए उन्होंने सीधे 10 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं. वहीं रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ के लिए उनकी फीस 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है. हालांकि, इन आंकड़ों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

लेकिन इन दिनों रश्मिका अपनी फिल्मों से ज्यादा अपनी शादी की खबरों को लेकर चर्चा में हैं. हर कोई बस यही जानना चाहता है कि क्या वह जल्द ही विजय देवरकोंडा की दुल्हनिया बनने वाली हैं? हालांकि दोनों ने अभी तक इस पर चुप्पी साध रखी है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि यह पावर कपल 26 फरवरी को शादी के बंधन में बंध सकता है.

सियासत डॉट कॉम की एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, विजय और रश्मिका की शादी की रस्में 24 फरवरी को हल्दी से शुरू होंगी. इसके बाद 25 फरवरी को एक भव्य संगीत सेरेमनी रखी गई है. फैंस अब बस उस घड़ी का इंतजार कर रहे हैं जब यह जोड़ी खुद अपने रिश्ते पर मुहर लगाएगी.

इसी रिपोर्ट में बताया गया कि विजय और रश्मिका 26 फरवरी को उदयपुर के एक आलीशान हिल रिसॉर्ट में शादी के बंधन में बंधने वाले हैं. यह एक निजी समारोह होगा जिसमें सिर्फ परिवार और करीबी दोस्त शामिल होंगे. शादी के बाद 4 मार्च को हैदराबाद के होटल ताज कृष्णा में एक ग्रैंड रिसेप्शन होगा. इस पार्टी में बॉलीवुड और टॉलीवुड के दिग्गजों के साथ-साथ तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के भी शामिल होने की चर्चा है.
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.