विवादित गाना ‘टटीरी’ मामले में बॉलीवुड सिंगर एवं रैपर बादशाह को हाईकोर्ट से राहत मिली है। हाईकोर्ट ने बादशाह की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। ऐसे में सिंगर बादशाह को एक तरह से राहत मिली है। मगर हाईकोर्ट ने इस शर्त पर राहत दी है कि वे जांच में शामिल होकर सहयोग करेंगे। इसे लेकर हरियाणा महिला आयोग का भी बयान आया है। हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणू भाटिया का कहना है कि आयोग भी यहीं चाहता था कि बादशाह जांच में शामिल हो। अगर 13 तारीख को पानीपत मीटिंग में बादशाह मामले में पेश हो जाते तो यह नौबत नहीं आती और न ही गिरफ्तारी के आदेश जारी होते। जानकारी के अनुसार, ये टटीरी गाना कैथल जिले के पट्टी अफगान गांव की रहने वाली 20 वर्षीय सिमरन जागलान ने करीब 3 साल पहले गाया था। उनके पिता कर्मबीर फौजी भी हरियाणवी सिंगर हैं। अब सिमरन ने इस टटीरी सॉन्ग में फीमेल वोकल आवाज दी थी और बाकी लिरिक्स बादशाह के हैं। इसे लेकर बादशाह कैथल और सोनीपत में गाने की प्रमोशन करने आए थे। गाने में आपत्तिजनक शब्दों पर आयोग ने जताई थी आपत्ति इस गाने में आपत्तिजनक शब्दों और लड़कियों के सीन दिखाने पर महिला आयोग ने आपत्ति जताई थी और आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कहा- ‘सिंगर को समन भिजवाया। 13 मार्च को पानीपत एसपी ऑफिस में बुलाया था और मीडिया को दिए बयान में कहा था कि बादशाह होगा अपने घर, उसे आना ही होगा, नहीं तो हरियाणा में गाने बैन कराएंगे।’ मगर सिंगर बादशाह 13 मार्च को पानीपत मीटिंग में नहीं पहुंचे और अध्यक्ष रेणू भाटिया ने पानीपत व पंचकूला एसपी को सिंगर की गिरफ्तारी के आदेश दिए और उसका पोसपार्ट जब्त करने के आदेश दिए थे। इस पर सिंगर बादशाह के वकील ने आयोग से कुछ समय की मोहलत मांगी, पर आयोग सहमत नहीं था। जिसके बाद सिंगर हाईकोर्ट चले गए।
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.