एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती ने हाल ही में बताया कि सुशांत सिंह राजपूत केस में नाम आने के बाद कोई भी उनके साथ काम करने को तैयार नहीं था। दरअसल, कई सालों तक मेनस्ट्रीम से दूर रहीं रिया अब डायरेक्टर हंसल मेहता की अपकमिंग वेब सीरीज फैमिली बिजनेस से एक्टिंग में वापसी करने जा रही हैं। हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में रिया ने अपनी ज़िंदगी के मुश्किल दौर के बारे में बात की। रिया ने कहा, “एक्टिंग का वह सपना छोड़ना, जिसके लिए मैंने दस साल से ज़्यादा मेहनत की थी, मेरे लिए बिल्कुल आसान नहीं था। इसके लिए मुझे कई बार थेरेपी लेनी पड़ी। मुझे उसके बारे में सोचना बंद करना पड़ा, क्योंकि वह सपना अब पूरा होता दिखाई नहीं दे रहा था और मुझे एक्टिंग के मौके नहीं मिल रहे थे।” रिया ने यह भी बताया कि जब यह प्रोजेक्ट उन्हें ऑफर हुआ था, तो उन्होंने शुरुआत में मना कर दिया था। उन्होंने कहा, “हंसल सर और राइटर ने मुझसे पूछा कि मुझे क्या रोक रहा है। मैंने उनसे कहा कि मैंने एक्टिंग छोड़ दी है। तब उन्होंने कहा कि यही वजह है कि मुझे यह करना चाहिए, क्योंकि इससे फर्क नहीं पड़ता कि मैं अच्छा करूं या नहीं।”
रिया ने आगे कहा कि अब उन्हें खुशी है कि उन्होंने हां कह दिया। सात सालों में ज़िंदगी बहुत बदल गई है, लेकिन सेट पर लौटना साइकिल चलाने जैसा लगा, जिसे इंसान कभी नहीं भूलता। कोई भी मेरे साथ काम नहीं करना चाहता था: रिया
रिया ने बताया कि काम से ब्रेक उन्होंने अपनी मर्जी से नहीं लिया था। उन्होंने कहा, “मुझे मजबूरी में रुकना पड़ा, और यह दौर तकलीफ और दर्द से भरा था। जो कुछ हुआ, उसके तुरंत बाद शायद मैं इमोशनली, मेंटली या फिजिकली रूप से तैयार भी नहीं थी। वो साल, जब कोई भी मेरे साथ काम नहीं करना चाहता था, बेहद दर्दनाक थे। भगवान और यह दुनिया हम सबको मुश्किलों से लड़ने की ताकत देते हैं, बस हमें उसे पहचानना होता है। अगर मेरे दोस्त और परिवार मेरे साथ न होते, तो शायद मैं इस दौर से इस तरह बाहर नहीं आ पाती।”
एक्टिंग में वापसी के अलावा रिया ने उन महिलाओं के बारे में भी इमोशनल होकर बात की, जिन्होंने उनके सबसे मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया। उन्होंने कहा, “मेरी गर्ल फ्रेंड्स ने मुझे सच्ची दोस्ती का मतलब दिखाया है। बिना किसी वजह के प्यार मिलना और उनके साथ खड़े रहने के कारण उनके काम और करियर पर असर पड़ना, यह बहुत बड़ी बात है।” रिया ने सिंगर और एक्ट्रेस शिबानी दांडेकर को अपनी बहन जैसी बताया। रिया ने यह भी बताया कि शिबानी ने पब्लिकली उन्हें सपोर्ट करने की वजह से कुछ ब्रांड एंडोर्समेंट खो दिए थे, जिसके बारे में उन्हें बाद में पता चला। रिया ने कहा, “मैं खुशकिस्मत हूं कि मेरी ज़िंदगी में ऐसी महिलाएं हैं, जो एक-दूसरे को आगे बढ़ाती हैं। एक तरफ मैंने इंसानियत का सबसे बुरा रूप देखा, तो दूसरी तरफ उसका सबसे खूबसूरत रूप भी महसूस किया।”
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.