एक्टर महेश मांजरेकर के हिंदी नाटक एनिमल का प्रीमियर शनिवार रात मुंबई के टाटा थिएटर में हुआ। प्रीमियर में जैकलीन फर्नांडिज, सिद्धार्थ जाधव, अनुषा डांडेकर और सुमेध मुदगालकर जैसे सेलेब्स मौजूद थे। महेश मांजरेकर की बेटियां सई मांजरेकर, गौरी इंगवाले और बेटे सत्या मांजरेकर भी कार्यक्रम में शामिल हुए। क्रिकेटर दिलीप वेंगसरकार अपनी पत्नी मनाली के साथ पहुंचे। एजीपी वर्ल्ड (AGP World) द्वारा प्रस्तुत और अश्विन गिडवानी द्वारा निर्मित नाटक एनिमल को महेश मांजरेकर ने लिखा, निर्देशित और प्रेजेंट किया। एनिमल का अगला मंचन 29 मार्च को सोफिया भाभा ऑडिटोरियम में किया जाएगा। प्रस्तुति के दौरान महेश मांजरेकर ने कुछ गाने भी गाए और डांस किया। करीब नौ साल की तैयारी के बाद एनिमल का मंचन हुआ। करीब दो घंटे के इस मंचन में महेश मांजरेकर ने अकेले एक्टिंग की। मंच पर जाने से पहले महेश मांजरेकर ने कहा कि हर थिएटर कलाकार के अंदर घबराहट होना जरूरी है और जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वास चीजों को बिगाड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यह नाटक लंबे समय से करना चाहते थे और इसे सफल बनाने की उम्मीद है। नाटक में दत्तू की कहानी
नाटक का केंद्र दत्तू का किरदार है, जिसे महेश मांजरेकर निभा रहे हैं। दत्तू महाराष्ट्र के पंढरपुर के पास एक छोटे कस्बे से मुंबई आता है और शहर में अपनी पहचान बनाने की कोशिश करता है। समय के साथ वह ऐसे संघर्षों में उलझ जाता है जो उसके जीवन को प्रभावित करते हैं। महेश मांजरेकर ने नाटक को शहर की जिंदगी पर एक कार्टूनिस्ट की नजर बताया। उन्होंने कहा कि कई लोग मुंबई को सपनों का शहर मानकर आते हैं, लेकिन सफलता पाने वालों के पीछे कई ऐसे लोग भी होते हैं जिनके सपने पूरे नहीं हो पाते। नाटक में दत्तू की यात्रा के माध्यम से राजनीतिक, आर्थिक, भू-राजनीतिक और सामाजिक-सांस्कृतिक परिस्थितियों पर भी टिप्पणी की गई है। कहानी में पॉप कल्चर और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े संदर्भ भी शामिल हैं।
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.