मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर देशभर में उन्हें याद किया जा रहा है. वीरता, रणनीति और अदम्य साहस की मिसाल रहे शिवाजी महाराज का जीवन हमेशा से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है. यही वजह है कि अलग-अलग दौर में कई कलाकारों ने पर्दे पर ‘मराठा सम्राट’ का किरदार निभाकर उनकी शौर्य गाथा को दर्शकों तक पहुंचाया और अपनी छाप छोड़ी.
पर्दे पर मचा था तहलका
मराठी फिल्म मी शिवाजीराजे भोसले बोलतोय! में महेश मांजरेकर ने शिवाजी महाराज का किरदार निभाया था. इस फिल्म में महाराज को एक प्रेरणादायक मार्गदर्शक के रूप में दिखाया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा.
अजय देवगन की फिल्म में छा गए थे शरद केलकर
बॉलीवुड और मराठी सिनेमा में कई कलाकारों ने ‘मराठा सम्राट’ का किरदार निभाकर दर्शकों के दिल जीते हैं.साल 2020 में रिलीज हुई ‘तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर’ में में शरद केलकर ने छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाई थी. फिल्म का फोकस तान्हाजी मालुसरे पर था, लेकिन शरद केलकर की दमदार मौजूदगी ने खास असर छोड़ा. ओम राउत के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उनका अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आया. साल 2019 में आई मराठी फिल्म हिरकानी में प्रसाद ओक ने खुद शिवाजी महाराज की भूमिका निभाई. फिल्म रायगढ़ किले के पास रहने वाली बहादुर महिला हिरकानी की कहानी पर आधारित थी. प्रसाद ओक की परफॉर्मेंस को काफी तारीफ मिली.
छत्रपति शिवाजी महाराज के रोल में दिखेंगे रितेश देशमुख
रितेश देशमुख भी अब इस ऐतिहासिक किरदार को बड़े पर्दे पर निभाने जा रहे हैं. उनकी अपकमिंग फिल्म राजा शिवाजी में वह छत्रपति शिवाजी महाराज के रोल में नजर आएंगे. फिल्म पैन इंडिया लेवल पर रिलीज होगी और इसमें कई बड़े कलाकार शामिल हैं. टीवी की बात करें तो भारत एक खोज में नसीरुद्दीन शाह ने शिवाजी महाराज का किरदार निभाया था. श्याम बेनेगल की इस सीरीज को काफी सराहना मिली थी. वहीं मराठी टीवी सीरियल राजा शिवछत्रपति में अमोल कोल्हे ने इस भूमिका को इतनी शिद्दत से निभाया कि उन्हें जबरदस्त लोकप्रियता मिली. इसके अलावा पारस अरोड़ा जैसे कलाकार भी इस किरदार को पर्दे पर जीवंत कर चुके हैं.
बता दें कि इतिहास के इस महान योद्धा को अलग-अलग दौर में अलग-अलग कलाकारों ने अपने अंदाज में निभाया है. हर किसी ने अपने तरीके से शिवाजी महाराज के साहस और व्यक्तित्व को दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की है. यही वजह है कि ‘मराठा सम्राट’ का किरदार आज भी कलाकारों के लिए सम्मान और चुनौती दोनों माना जाता है.
About the Author

न्यूज 18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे मुनीष कुमार का डिजिटल मीडिया में 9 सालों का अनुभव है. एंटरटेनमेंट रिपोर्टिंग, लेखन, फिल्म रिव्यू और इंटरव्यू में विशेषज्ञता है. मुनीष ने जामिया मिल्लिया इ…और पढ़ें
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.