फिल्म ‘नागबंधम’ में अभिनेता ऋषभ साहनी के खौफनाक ‘अब्दाली’ लुक ने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है. इसे अभिषेक नामा ने निर्देशित किया है. 1750 के ऐतिहासिक कहानी पर आधारित इस माइथोलॉजिकल एक्शन ड्रामा में ऋषभ एक क्रूर अफगान सुल्तान की भूमिका में हैं, जो हिमालय के रहस्यों को पाने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है. वीरत कर्णा, नाभा नतेश और जगपति बाबू जैसे सितारों से सजी यह फिल्म अपने भव्य विजुअल्स, युद्ध के सीन्स और दमदार प्रोडक्शन डिजाइन के साथ गर्मी में सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है, जिसका टीजर महाशिवरात्रि पर जारी किया जाएगा.
ऋषभ साहनी के किरदार का खौफनाक लुक
फिल्म का फर्स्ट-लुक पोस्टर किसी विजुअल मास्टरपीस से कम नहीं है, जिसमें तबाही और युद्ध का मंजर साफ दिखाई देता है. पोस्टर में ऋषभ साहनी बर्फ से ढके एक विशाल जंग के मैदान में खड़े नजर आ रहे हैं, जहां उनके हाथ में खून से सनी एक विशाल कुल्हाड़ी है. उनकी आंखों में छिपी क्रूरता और चेहरे पर दिखने वाला पागलपन एक ऐसे योद्धा की ओर इशारा करता है, जो किसी भी हद तक जाने को तैयार है. उनके पीछे हाथियों और घुड़सवारों की एक विशाल सेना है, जबकि ठंडी हवाओं के बीच चमकती आंखों वाले भेड़ियों का झुंड माहौल को और भी अधिक भयावह बना देता है. यह पोस्टर स्पष्ट करता है कि फिल्म में तबाही का स्तर काफी ऊंचा होने वाला है.
‘नागबंधम’ का पोस्टर. (फोटो साभार: Instagram@rishabhsawhneyyyy)
ऋषभ साहनी का जटिल किरदार
किरदार की गहराई की बात करें तो अब्दाली को एक ऐसे महत्वाकांक्षी और निर्दयी सुल्तान के रूप में पेश किया गया है, जिसकी भूख केवल दौलत और शक्ति तक सीमित नहीं है. वह हिमालय की वादियों में छिपे रहस्यमयी ‘नाग बंधम’ को हासिल करने के लिए किसी भी हद तक गिर सकता है. फिल्म में दिखाया गया है कि अपनी सनक को पूरा करने के लिए उसे मासूम बच्चों या विद्वान ब्राह्मणों की हत्या करने में भी संकोच नहीं होता. ऋषभ साहनी ने इस जटिल भूमिका के लिए कड़ी मेहनत की है, ताकि वह इस ऐतिहासिक चरित्र की तीव्रता और उसके काले पक्ष को पर्दे पर सजीव कर सकें. निर्देशक अभिषेक नामा ने भी ऋषभ की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अब्दाली के किरदार में नई जान फूंक दी है.
धमाका करने के लिए पूरी तरह तैयार
विजुअल और तकनीकी रूप से ‘नागबंधम’ एक शानदार सिनेमाई अनुभव होने का वादा करती है. वीरत कर्णा फिल्म में लीड हीरो के रूप में नजर आएंगे, जबकि नाभा नतेश और ऐश्वर्या मेनन महिला सेंट्रिक रोल में हैं. फिल्म की स्टारकास्ट में जगपति बाबू और मुरली शर्मा जैसे दिग्गज कलाकार भी शामिल हैं, जो कहानी को एक ठोस आधार देते हैं. साउंडर राजन एस की सिनेमैटोग्राफी और अशोक कुमार के आलीशान प्रोडक्शन डिजाइन ने इस ऐतिहासिक ड्रामा को दोबारा जीवित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है. किशोर अन्नापुरेड्डी द्वारा निर्मित फिल्म फिलहाल अपने पोस्ट-प्रोडक्शन के आखिरी स्टेज में है और इस गर्मी में बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए पूरी तरह तैयार है.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.