जब होस्ट कपिल शर्मा ने पूछा कि विशाल ने इतने वर्षों में नाना को पहले कभी कास्ट क्यों नहीं किया, तो निर्देशक ने इसे अपनी गलती बताते हुए कहा कि वह कभी उनके पास सही भूमिका लेकर नहीं गए. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि सभी लोग नाना से डरते जरूर हैं, लेकिन वह दिल से बेहद नरम इंसान हैं और अक्सर उन्हें याद दिलाते रहते थे कि आखिर कब साथ काम करेंगे.
विशाल भारद्वाज के पास काम मांगने जाते थे नाना पाटेकर
विशाल भारद्वाज कहते हैं, ‘असल में, ये मेरी गलती है. मैंने कभी उनके पास ऐसा कोई रोल लेकर नहीं गया. नाना पाटेकर से सब बहुत डरते हैं, जबकि वो दिल से बहुत नरम इंसान हैं. नाना मुझसे इस बात को लेकर काफी नाराज रहते थे कि मैंने उनके साथ काम क्यों नहीं किया. वो मुझे कहीं भी पकड़ लेते और याद दिलाते कि वो नाना पाटेकर हैं, एक्टर हैं, और पूछते कि कब कास्ट करोगे. मुझे ये बहुत अजीब लगता था, लेकिन आखिरकार हमने साथ काम किया, इसमें थोड़ा वक्त लग गया’.
कपिल ने नाना पाटेकर की ली चुटकी
कपिल ने इसी दौरान नाना के हालिया वायरल एग्जिट पर भी चुटकी ली. दरअसल, फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में नाना समय पर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा. इससे नाराज होकर वह कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही वहां से चले गए थे.
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विशाल ने हंसते हुए कहा कि नाना क्लास के उस शरारती बच्चे की तरह हैं, जो सबसे ज्यादा परेशान भी करता है और सबसे ज्यादा हंसाता भी है. उन्होंने बताया कि वह नाना को करीब 27 साल से जानते हैं और पहली बार उनके साथ काम करना उनके लिए खास अनुभव रहा. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कलाकार को इतना इंतजार कराना सही नहीं था, इसलिए उनके चले जाने पर उन्हें बुरा नहीं लगा क्योंकि यही नाना का अंदाज है.
नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित इस फिल्म में विक्रांत मैसी, दिशा पाटनी और तमन्ना भाटिया भी अहम भूमिकाओं में हैं. ट्रेड ट्रैकर Sacnilk के अनुसार, फिल्म ने पहले दो दिनों में 20.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर इसकी आगे की कमाई को लेकर दिलचस्पी बढ़ गई है.
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.