जुनैद खान और साई पल्लवी की रोमांटिक फिल्म एक दिन का ट्रेलर रिलीज हो गया है. ट्रेलर में ‘फॉर्च्यून बेल’ के जरिए शुरू होने वाली प्रेम कहानी दिखाई गई है, जहां जुनैद का किरदार एक दिन के लिए मीरा को पाने की विश मांगता है. दोनों के बीच खूबसूरत रोमांटिक पल दिखाए गए हैं, लेकिन आखिर में कहानी अचानक दर्दनाक मोड़ ले लेती है, जिससे फिल्म का सस्पेंस और बढ़ जाता है.
‘एक दिन’ 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत में एक ‘फॉर्च्यून बेल,’ यानी किस्मत की घंटी, दिखाई जाती है. इस घंटी के बारे में जुनैद खान का किरदार बताता है कि दुनिया भर के हारे हुए आशिक इस घंटी को बजाकर अपनी किस्मत आजमाते हैं. इसी दौरान उनकी नजर मीरा पर पड़ती है, जिसका किरदार साई पल्लवी निभा रही हैं. मीरा को देखते ही जुनैद का किरदार उस फॉर्च्यून बेल से एक विश मांगता है कि काश मीरा मेरी हो जाए, चाहे सिर्फ एक दिन के लिए ही सही.
फॉर्च्यून बेल से मांगी मोहब्बत
इसके बाद ट्रेलर में कहानी आगे बढ़ती है. जुनैद की मांगी हुई यह विश सच हो जाती है. अगले ही सीन में मीरा यानी साई पल्लवी जुनैद के साथ दिखाई देती हैं. दोनों के बीच कई रोमांटिक पल दिखाए जाते हैं. एक सीन में साई पल्लवी जुनैद का जन्मदिन सेलिब्रेट करती नजर आती हैं. वह उन्हें केक पर लगी कैंडल बुझाने से पहले एक विश मांगने के लिए कहती हैं. इस पर जुनैद मुस्कुराते हुए कहते हैं कि उनकी तो विश पहले ही पूरी हो चुकी है. इस तरह ट्रेलर के बीच में दोनों के बीच पनपते प्यार और उनकी केमिस्ट्री को खूबसूरती से दिखाया गया है. ट्रेलर में दिखाए गए लोकेशन्स फिल्म के रोमांटिक माहौल को और मजबूत बनाते हैं. कभी दोनों साथ घूमते नजर आते हैं, तो कभी खुशियों के छोटे-छोटे पल साझा करते हुए दिखाई देते हैं.
दर्दनाक मोड़, बढ़ा सस्पेंस
ट्रेलर में यह दिखाने की कोशिश की गई है कि कैसे एक दिन का साथ भी किसी की जिंदगी में बड़ी याद बन सकता है. हालांकि कहानी में सब कुछ इतना आसान नहीं रहता और यहीं से ट्रेलर एक दर्दनाक मोड़ लेता है. ट्रेलर के आखिरी हिस्से में कहानी अचानक गंभीर मोड़ ले लेती है. एक सीन में साई पल्लवी गुस्से में जुनैद को थप्पड़ मारती हैं और कहती हैं कि मैंने तुम पर भरोसा किया था, लेकिन तुमने… इसके बाद दोनों के बीच की दर्दनाक दूरी को दिखाया जाता है. आखिर दोनों के बीच क्या हुआ, इस पर सस्पेंस बना हुआ है. इस सीन को देखने के बाद दर्शकों के मन में सवाल उठता है कि आखिर उस एक दिन में ऐसा क्या हुआ, जिसने दोनों की जिंदगी बदल दी.
रोमांटिक-ड्रामा फिल्म है ‘एक दिन’
ट्रेलर के आखिर में साई पल्लवी का किरदार कहता है कि यह एक दिन उनकी जिंदगी के लिए हमेशा यादगार रहेगा. अगर फिल्म के बारे में बात करें तो ‘एक दिन’ एक रोमांटिक-ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्माण आमिर खान प्रोडक्शन के बैनर तले किया गया है. फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है. इस फिल्म के जरिए साई पल्लवी पहली बार हिंदी सिनेमा में अपना डेब्यू कर रही हैं. ‘एक दिन’ 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
About the Author

शिखा पाण्डेय News18 Digital के साथ दिसंबर 2019 से जुड़ी हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. News18 Digital से पहले वह Zee News Digital, Samachar Plus, Virat Vaibhav जैसे प्रतिष्ठ…और पढ़ें
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.