बॉलीवुड में पैर जमाना हर किसी के बस की बात नहीं होती, लेकिन एक ऐसी एक्ट्रेस है, जिसने सिर्फ दो फिल्मों में ही वो मुकाम हासिल कर लिया जिसे पाने में सितारों को सालों लग जाते हैं. रीजनल सिनेमा से अपनी शुरुआत करने वाली इस हसीना ने जब बॉलीवुड में कदम रखा, तो अजय देवगन जैसे दिग्गज सितारों के बीच भी अपनी एक अलग पहचान बनाई. अदाकारी का जादू ऐसा चला कि महज दो हिंदी फिल्मों के अनुभव के साथ ही उनकी झोली में ‘नेशनल फिल्म अवॉर्ड’ जैसा प्रतिष्ठित सम्मान आ गिरा. डॉक्टरी की पढ़ाई छोड़कर कैमरे के सामने आई इस अदाकारा ने साबित कर दिया कि असली हुनर किसी भाषा या क्षेत्र का मोहताज नहीं होता.
नई दिल्ली. ग्लैमर की दुनिया में कदम रखने से पहले कोई नहीं कह सकता था कि जानकी बोडीवाला का भविष्य कैमरों के सामने चमकने वाला है. एक समय था जब वह कॉलेज के लेक्चर और डेंटिस्ट्री की किताबों में डूबी रहती थीं, मानों उनकी किस्मत के पन्ने अभी लिखे जाने बाकी थे. लेकिन फिर एक ऐसा मोड़ आया जिसने उन्हें स्टेज की रोशनी और कैमरे के लेंस से रूबरू कराया और दर्शकों को मिला एक ऐसा जादुई चेहरा जिसे नजरअंदाज करना नामुमकिन था.

आज वह रीजनल सिनेमा की उन चुनिंदा एक्ट्रेसेस में से एक बन गई हैं, जिन्होंने बॉलीवुड के बड़े मंच पर बेहद आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान बनाई है. 30 अक्टूबर 1995 को जन्मीं जानकी बोडीवाला ने अपनी शुरुआती पढ़ाई अहमदाबाद के एमके स्कूल से की. इसके बाद उन्होंने गांधीनगर के गोयनका रिसर्च इंस्टीट्यूट से डेंटल सर्जरी में स्नातक (BDS) की डिग्री हासिल की. (फोटो साभार: Instagram@jankibodiwala)

डॉक्टरी की पढ़ाई के बावजूद उनका झुकाव हमेशा से चकाचौंध वाली दुनिया की तरफ रहा. इसी चाहत ने उन्हें ‘मिस इंडिया 2019’ के मंच तक पहुंचाया, जहां वह ‘मिस इंडिया गुजरात’ की टॉप 3 फाइनलिस्ट में शामिल रहीं. इस प्रतियोगिता ने उन्हें न केवल एक नई पहचान दी, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाया, जिससे फिल्मों में उनकी एंट्री का रास्ता साफ हो गया. (फोटो साभार: Instagram@jankibodiwala)
Add News18 as
Preferred Source on Google

जानकी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत गुजराती सिनेमा से की और बहुत ही कम समय में वह वहां का सबसे चर्चित चेहरा बन गईं. साल 2015 में आई फिल्म ‘छेलो दिवस’ से उन्होंने अपना डेब्यू किया, जो युवाओं के बीच जबरदस्त हिट रही और उन्हें एक उभरते सितारे के रूप में स्थापित कर दिया. (फोटो साभार: Instagram@jankibodiwala)

इसके बाद उन्होंने ‘छुट्टी जशे छक्का’ (2018), ‘नाड़ी दोष’ (2022) और साइकोलॉजिकल थ्रिलर ‘वश’ (2023) जैसी फिल्मों में काम किया. हर नई फिल्म के साथ उनकी अदाकारी में और निखार आया और उन्होंने साबित कर दिया कि वह हर तरह के किरदार को बखूबी निभा सकती हैं. (फोटो साभार: Instagram@jankibodiwala)

जानकी के करियर में सबसे बड़ा मोड़ साल 2024 में आया, जब उन्होंने विकास बहल की फिल्म ‘शैतान’ से बॉलीवुड में कदम रखा. अजय देवगन, ज्योतिका और आर. माधवन जैसे सितारों के साथ जानकी ने अपने किरदार में ऐसी जान फूंकी कि हर कोई उनका कायल हो गया. (फोटो साभार: Instagram@jankibodiwala)

इस फिल्म की जबरदस्त सफलता ने उन्हें रातों-रात पूरे देश में पहचान दिला दी. सबसे खास बात यह रही कि बड़े-बड़े अनुभवी सितारों के बीच भी जानकी अपनी अलग छाप छोड़ने में पूरी तरह कामयाब रहीं. ‘शैतान’ के बाद उनकी अगली बॉलीवुड फिल्म ‘मर्दानी 3’ रही, जिसमें वह रानी मुखर्जी के साथ नजर आईं. (फोटो साभार: Instagram@jankibodiwala)

हाल ही में रिलीज हुई इस फिल्म ने हिंदी सिनेमा में उनके बढ़ते कद पर पक्की मुहर लगा दी है. जानकी ने हर फिल्म के साथ यह साबित किया है कि वह न केवल पर्दे पर अच्छी लगती हैं, बल्कि पेचीदा और मुश्किल किरदारों को भी बड़ी सहजता से निभा सकती हैं. जानकी की इस मेहनत को अवॉर्ड्स के रूप में भी खूब सराहना मिली है. (फोटो साभार: Instagram@jankibodiwala)

साल 2016 में जानकी को ‘क्वालिटी मार्क विमेन अवॉर्ड’ से नवाजा गया था. लेकिन उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि 71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में रही, जहां फिल्म वश के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का सिल्वर लोटस अवॉर्ड मिला. इसके बाद 2025 में उन्होंने फिल्म शैतान में बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का आईफा अवॉर्ड भी अपने नाम किया. (फोटो साभार: Instagram@jankibodiwala)
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.