टीवी की क्वीन और मशहूर प्रोड्यूसर एकता कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री में काम तलाश रहे युवाओं को एक बड़े स्कैम से आगाह किया है. कुछ जालसाज उनके प्रोडक्शन हाउस बालाजी टेलीफिल्म्स का नाम लेकर लोगों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं. एकता ने एक ऑफिशियल बयान जारी करते हुए साफ किया है कि उनके नाम पर फर्जी कास्टिंग कॉल्स और ऑडिशन के विज्ञापन चलाए जा रहे हैं, जिनमें लोगों से रजिस्ट्रेशन फीस मांगी जा रही है. एकता ने साफ कहा कि उनका बैनर कभी भी किसी कलाकार से पैसे नहीं मांगता. अगर कोई आपसे बालाजी के नाम पर पैसे मांगे, तो समझ जाएं कि वह सरासर धोखाधड़ी है.
ख़बरें फटाफट
फर्जी कास्टिंग को लेकर एकता कपूर के प्रोडक्शन हाउस ने जारी किया बयान.
नई दिल्ली. बालाजी टेलीफिल्म्स की कर्ता-धर्ता एकता कपूर ने फर्जी कास्टिंग कॉल्स को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. सोशल मीडिया पर कुछ जालसाज एकता कपूर के प्रोडक्शन हाउस का नाम लेकर लोगों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे लेकर उन्होंने सतर्क कर दिया है. एकता ने साफ किया है कि कुछ लोग उनके नाम का गलत इस्तेमाल कर उभरते हुए एक्टर्स और डायरेक्टर्स से रजिस्ट्रेशन फीस और ऑडिशन के नाम पर पैसे वसूल रहे हैं.
एकता कपूर ने जारी किया बयान
एकता कपूर ने आधिकारिक बयान साझा करते हुए साफ शब्दों में लिखा है कि फर्जी कास्टिंग कॉल्स से सावधान रहें. हमेशा जांच-परख करें और सतर्क रहें. अपने इस बयान में प्रोडक्शन हाउस ने उन सोशल मीडिया अकाउंट्स की पोल खोली है, जो उनकी कॉर्पोरेट पहचान का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं. ये जालसाज बालाजी के आने वाले टीवी सीरियल्स, वेब सीरीज और फिल्मों के नाम पर झूठे ऑडिशन और कास्टिंग के विज्ञापन फैला रहे हैं.