‘जन नायकन’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि विजय के फिल्मी सफर का एक बड़ा चैप्टर है. सेंसर बोर्ड की सख्ती और कानूनी दांव-पेच ने इसकी रिलीज को मुश्किल में डाल दिया है. अब सबकी नजरें सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के अंतिम फैसले पर टिकी हैं कि क्या थलापति विजय की यह अंतिम फिल्म बिना किसी बाधा के बड़े पर्दे पर आ पाएगी?
सेंसर बोर्ड (CBFC) ने सुप्रीम कोर्ट में एक कैविएट (Caveat) दायर की है. इस कानूनी कदम का मकसद यह पक्का करना है कि अगर फिल्म निर्माता अदालत का दरवाजा खटखटाते हैं, तो बोर्ड का पक्ष सुने बिना कोई भी एकतरफा या प्रतिकूल आदेश पारित न किया जाए. यह कदम मद्रास हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच के उस हालिया फैसले के बाद उठाया गया है, जिसने सिंगल जज के उस आदेश को रद्द कर दिया था जिसमें बोर्ड को फिल्म के लिए ‘UA 16+’ सर्टिफिकेट जारी करने का निर्देश दिया गया था.
पोंगल रिलीज और देरी
‘जन नायकन’ को मूल रूप से 9 जनवरी को पोंगल के शुभ मौके पर रिलीज किया जाना था. फिल्म के निर्माताओं (केवीएन प्रोडक्शंस) ने दिसंबर 2025 में ही फिल्म को बोर्ड के पास जमा कर दिया था. शुरुआती जांच के बाद बोर्ड ने कुछ सीन्स में कटौती और डायलॉग को म्यूट करने की सलाह दी थी. हालांकि, मेकर्स ने इन बदलावों को स्वीकार कर लिया था, लेकिन शिकायतों के आधार पर मामले को रिवाइजिंग कमेटी को भेज दिया गया, जिससे फिल्म की रिलीज अटक गई. निर्माताओं ने इस देरी को अनुचित बताते हुए मद्रास हाईकोर्ट का रुख किया. लंबे कानूनी प्रोसेस के बाद सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले में हस्तक्षेप से इनकार करते हुए हाईकोर्ट को जल्द फैसला सुनाने का निर्देश दिया था.
सेंसर बोर्ड और निर्माताओं का तर्क?
सेंसर बोर्ड का कहना है कि उन्हें नियमों के तहत किसी भी फिल्म को पूरी तरह जांचने और शिकायतों पर गौर करने का संवैधानिक अधिकार है. वे नैतिकता और नियमों से समझौता नहीं कर सकते. निर्माताओं का आरोप है कि जानबूझकर देरी की जा रही है, जिससे फिल्म की व्यावसायिक सफलता पर बुरा असर पड़ रहा है. सुझाए गए कट्स लागू करने के बाद देरी का कोई ठोस आधार नहीं बचता.
विजय की आखिरी फिल्म और राजनीति
फिल्म थलापति विजय के करियर के लिए बेहद खास है क्योंकि इसे उनकी आखिरी फिल्म माना जा रहा है. इसमें उनके साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और प्रकाश राज जैसे बड़े सितारे नजर आने वाले हैं. चर्चा है कि इस फिल्म के बाद विजय पूरी तरह राजनीति में एक्टिव हो जाएंगे, जिससे उनके फैंस के बीच इस फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह है.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.