मलयालम फिल्म ‘मंजुम्मेल बॉयज’ के निर्देशक चिदंबरम के खिलाफ केरल के एर्नाकुलम टाउन साउथ पुलिस स्टेशन में यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है. फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी एक महिला ने आरोप लगाया है कि 2022 में कोच्चि के एक अपार्टमेंट में डायरेक्टर ने उनको सेक्शुअली हैरस किया.
‘मंजुम्मेल बॉयज’ के डायरेक्टर चिदंबरम
दर्ज शिकायत के मुताबिक महिला ने डायरेक्टर चिदंबरम पर सेक्शुअल हैरसमेंट और मेंटल हैरसमेंट का केस दर्ज कराया है. इस मामले में निर्देशक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और 75 के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है और मामले से जुड़े सभी तथ्यों की बारीकी से जांच की जाएगी.
फिलहाल, निर्देशक की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. वहीं इंडस्ट्री में इस खबर के बाद हलचल मच गई है. ‘मंजुम्मेल बॉयज’ की सफलता के बाद चिदंबरम का नाम मलयालम सिनेमा के उभरते निर्देशकों में गिना जा रहा था. ऐसे में उनके खिलाफ लगे आरोपों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
जांच करेगी पुलिस
पुलिस सूत्रों का कहना है कि शिकायतकर्ता का बयान दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. अगर जरूरत पड़ी तो निर्देशक से पूछताछ भी की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी.
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब फिल्म इंडस्ट्री और खासकर साउथ फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं की सुरक्षा और कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न को लेकर गंभीर बहस जारी है. पिछले कुछ वर्षों में कई कलाकारों और तकनीशियनों ने आगे आकर अपने अनुभव साझा किए हैं, जिससे इंडस्ट्री में जवाबदेही की मांग और तेज हुई है.
डायरेक्टर को ‘मंजुम्मेल बॉयज’ से मिली थी पहचान
अब अगर डायरेक्टर चिदंबरम के करियर की बात करें तो उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर लेखक और सहायक निर्देशक की थी और धीरे-धीरे अपनी अलग सिनेमाई शैली से पहचान बनाई. ‘जान-ए-मन’ जैसी फिल्मों से उन्हें इंडस्ट्री में पहचान मिली, लेकिन ‘मंजुम्मेल बॉयज’ की बड़ी सफलता ने उन्हें मुख्यधारा में स्थापित कर दिया. युवा निर्देशक के तौर पर उन्हें कंटेंट-ड्रिवन और रियलिस्टिक सिनेमा के लिए सराहा जाता रहा है.
About the Author

प्रांजुल सिंह 3.5 साल से न्यूज18 हिंदी से जुड़ी हुई हैं. उन्होंने Manorama School Of Communication (MASCOM) से जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन में डिप्लोमा किया है. वो 2.5 साल से एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही है…और पढ़ें
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.