मिडल ईस्ट में जारी इजरायल-ईरान तनाव के बीच दुबई में तमिल सुपरस्टार अजित कुमार भी फंस गए हैं. प्रोफेशनल रेसिंग के सिलसिले में दुबई गए अजित को फ्लाइट्स रद्द होने के चलते एयरपोर्ट से वापस लौटना पड़ा. उनके मैनेजर ने फैंस को राहत देते हुए बताया कि एक्टर पूरी तरह सुरक्षित हैं और स्थिति सुधरते ही चेन्नई लौटेंगे. युद्ध के हालातों की वजह से वहां विमान सेवाएं फिलहाल ठप हैं, जिससे सुपरस्टार की घर वापसी का इंतजार बढ़ गया है.
दुबई में फ्लाइट्स कैंसिल होने की वजह से फंसे अजित कुमार.
अजित के मैनेजर ने जूम के साथ बात करते हुए इस खबर की पुष्टि की है. उन्होंने बताया, ‘अजित को कल ही दुबई से निकलना था, लेकिन फ्लाइट्स कैंसिल होने के कारण उन्हें एयरपोर्ट से वापस जाना पड़ा. फिलहाल वह दुबई में ही हैं और पूरी तरह सुरक्षित हैं.’
कई अंतरराष्ट्रीय रेसिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं अजित कुमार
तमिल सुपरस्टार अजित पिछले कुछ समय से अंतरराष्ट्रीय रेसिंग प्रतियोगिताओं की तैयारी के सिलसिले में दुबई में थे. हाल ही में उन्होंने 2025 24H दुबई एंड्योरेंस रेस में हिस्सा लिया था, जहां उनके शानदार प्रदर्शन की काफी चर्चा हुई. मैनेजर ने फैंस को भरोसा दिलाया है कि एक्टर बिल्कुल ठीक हैं और जैसे ही विमान सेवाएं फिर से शुरू होंगी, वह तुरंत घर वापस आने के लिए रवाना हो जाएंगे.
दुबई में फंसीं सोनल चौहान
एक्ट्रेस सोनल चौहान भी इस समय मिडिल ईस्ट के तनाव और रद्द होती फ्लाइट्स के बीच दुबई में फंसी हुई हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर आपबीती बताते हुए भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई. सोनल ने बताया कि विमान सेवाएं ठप होने के कारण उनके पास वतन वापसी का कोई रास्ता नहीं बचा है.
सोनल चौहान ने लगाई मदद की गुहार
सोनल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए अपनी स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने लिखा, ‘माननीय प्रधानमंत्री मौजूदा संकट की वजह से मैं इस वक्त दुबई में फंसी हुई हूं. एक्ट्रेस ने आगे कहा कि फ्लाइट्स कैंसिल होने के बाद भारत लौटने का कोई कंफर्म रूट नजर नहीं आ रहा है. ऐसे में वह सुरक्षित घर वापसी के लिए सरकार से मार्गदर्शन और सहयोग की उम्मीद कर रही हैं.’
अबू धाबी में सुरक्षित हैं ईशा गुप्ता
एक्ट्रेस ईशा गुप्ता ने भी अबू धाबी से अपना अपडेट साझा करते हुए फैंस को राहत दी है. उन्होंने बताया कि वह वहां पूरी तरह सुरक्षित हैं. ईशा ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘जो लोग भी मेरा हालचाल ले रहे हैं और मैसेज कर रहे हैं, उन्हें जवाब न दे पाने के लिए मैं माफी चाहती हूं. हम बिल्कुल ठीक और सुरक्षित हैं. वक्त काफी डरावना और चुनौतीपूर्ण है, लेकिन हमें यकीन है कि भगवान हमारी रक्षा करेंगे.’
ईशा गुप्ता ने स्थानीय प्रशासन पर जताया भरोसा
ईशा ने स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए आगे कहा, ‘हमें पूरा विश्वास है कि यूएई रक्षा मंत्रालय सुरक्षा और बचाव के लिए बेहतरीन काम कर रहा है. मेरी उन सभी लोगों के लिए प्रार्थना है जो इस संकट से प्रभावित हैं या कहीं फंसे हुए हैं. सबकी सुरक्षा सबसे ऊपर है. उम्मीद है कि जल्द ही घर वापसी होगी.’
About the Author

साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.