Sunny Deol Vs Salman Khan movie : सनी देओल-वरुण धवन-अहान शेट्टी स्टारर बॉर्डर 2 सिनेमाघरों में धूम मचाए हुए है. फिल्म के कई सीन रोंगटे खड़े कर देने वाले हैं. फिल्म में सनी देओल का रौद्र रूप फिर से देखने को मिला है. सनी देओल 1997 की बॉर्डर फिल्म के ही पुराने लुक और अंदाज में नजर आए हैं. वैसे भी पाकिस्तान के खिलाफ सनी देओल की दहाड़ देखने में दर्शकों को मजा आता है. सनी देओल के डायलॉग एक अलग ही रोमांच पैदा कर देते हैं. सनी देओल ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कई फिल्मों में काम किया है. 8 साल के अंतराल में पाकिस्तान बॉर्डर पर बेस्ड ऐसी ही दो फिल्में सिनेमाघरों में आई थीं. एक मूवी सनी देओल की थी तो दूसरी फिल्म में सलमान खान नजर आए थे. ये फिल्में कौन सी थीं, आइये जानते हैं इनसे जुड़े दिलचस्प फैक्ट्स…..
सनी देओल ने पाकिस्तान बॉर्डर से जुड़ी कई फिल्मों में काम किया है. ज्यादतर फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रहीं. 1997 में आई बॉर्डर और 2001 की फिल्म ‘गदर : एक प्रेम कथा’, ‘गदर 2’ जैसी फिल्में तो ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर रहीं. गदर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया था. अब सनी देओल की मूवी बॉर्डर 2 भी थिएटर्स में धूम मचा रही है. बॉलीवुड में सनी देओल ही एकमात्र ऐसे हीरो हैं जिन्होंने पाकिस्तान बार्डर से जुड़ी कई फिल्में की हैं. उन्होंने 5 से ज्यादा ऐसीं फिल्में की है जिनमें किसी ना किसी तरह से पाकिस्तान से कनेक्शन है. एक फिल्म में तो वो पाकिस्तानी कर्नल के रोल में थे. 8 साल के अंतराल में सनी देओल और सलमान खान ने पाकिस्तान बॉर्डर पर बेस्ड एक जैसी फिल्में कीं. सनी देओल की फिल्म जहां डिजास्टर रही, वहीं सलमान खान की फिल्म ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर रही थी. ये फिल्में थीं : काफिला और बजरंगी भाईजान.

काफिला फिल्म 2007 में रिलीज हुई थी जिसका डायरेक्शन अमिजोत मान ने किया था. यह फिल्म 10 अगस्त 2007 को रिलीज हुई थी. फिल्म में सनी देओल, अमिजोत मान, सना नवाज, सारा लोरेन और सुदेश बेरी नजर आए थे. फिल्म की स्टोरी और स्क्रीनप्ले अमिजोत मान ने ही लिखा था. डायलॉग वरुण गौतम ने लिखे थे. फिल्म का म्यूजिक सुखविंदर सिंह और गीत बाबू सिंह मान ने लिखे थे. बैकग्राउंड स्कोर संजॉय चौधरी ने तैयार किया था.

काफिला फिल्म की कहानी पंजाब-हरियाणा-राजस्थान-बिहार और देश के कई राज्यों के उन युवकों पर बेस्ड थी जो बेहतर जिंदगी की तलाश में यूके जाने का सपना पालते हैं. फिर डंकी रूट से यूके जाने की कोशिश करते हैं. सभी युवक पहले रूस जाते हैं, वहां पर एक पाकिस्तानी एजेंट राशिद को लेकर यूके जाना था. सभी को 5 दिन बाद यूके जाने के लिए कहा जाता है लेकिन 5 माह बाद वो यूके नहीं जा पाते. फिर किसी तरह से यूक्रेन-माल्टा जाने की कोशिश करते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

काफिला फिल्म में सनी देओल की एंट्री पूरे एक घंटे बाद होती है. यहां से फिल्म कुछ स्पीड पकड़ती है लेकिन स्क्रिप्ट बहुत ही बिखरी हुई होने की वजह से दर्शकों के समझ में नहीं आती. सनी देओल ने कर्नल समीर अहमद खान का किरदार निभाया था. सनी देओल इन सभी युवकों को अफगानिस्तान-पाकिस्तान होते हुए बॉर्डर पार करवाकर भारत वापस भेजने का काम करते हैं. इसके लिए वो अपनी ही पाकिस्तानी फौज के खिलाफ बगावत कर देते हैं. काफिला फिल्म के प्रोड्यूसर टोनी संधू थे. बजट करीब 17 करोड़ था. बॉक्स ऑफिस यह मूवी सिर्फ 4 करोड़ रुपये ही कमा पाई थी. यह फिल्म डिजास्टर साबित हुई थी.

काफिला फिल्म मानवीय मूल्यों की बात करती हैं जो बताती है कि प्रेम ही दुनिया में रह जाता है. कोई सरहद प्रेम को नहीं रोक सकती. इंसान को ही इंसान की मदद करनी चाहिए. इसी तरह की कहानी से मिलती-जुलती सलमान खान की फिल्म 17 जुलाई 2015 को रिलीज हुई थी. नाम था : बजरंगी भाईजान. यह एक कॉमेडी ड्रामा फिल्म थी. कहानी डायरेक्टर एसएस. राजामौली के पिता वी. विजयेंद्र प्रसाद ने लिखी थी. इस मूवी में सलमान खान, करीना कपूर, हर्षाली मल्होत्रा, नवाजुद्दीन सिद्दीकी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आए थे. फिल्म का डायरेक्शन कबीर खान ने किया था.

फिल्म में दर्शकों का सबसे ज्यादा ध्यान मुन्नी का रोल हर्षाली मल्होत्रा ने खींचा था. अपनी प्यारी सी मुस्कान और अदाकरी से दर्शकों का दिल जीत लिया था. फिल्म में पाकिस्तान से एक महिला अपनी छोटी सी बच्ची मुन्नी के साथ निजामुद्दीन औलिया की मजार पर जियारत के लिए भारत आती है. रास्ते में मुन्नी ट्रेन से उतर जाती है. मुन्नी किसी तरह से सलमान खान को मिल जाती है. सलमान खान ने फिल्म में पवन कुमार चतुर्वेदी नाम के एक युवक का रोल निभाया था जो कि हनुमान के भक्त हैं. पवन को जब पता चलता है कि मुन्नी पाकिस्तानी है तो उसे उसके वतन पहुंचाने का जिम्मा उठाते हैं. इंसानियत का फर्ज अदा करते हैं. इस नेक काम के लिए अपनी जान को भी जोखिम में डाल देते हैं.

सलमान खान मां से बिछुड़ी मुन्नी को पाकिस्तान जब घर से निकलते हैं और किसी तरह से पाकिस्तान पहुंचते हैं तो उनकी मुलाकात नवाजुद्दीन सिद्दीकी से होती हिअ. नवाजुद्दीन सिद्दीकी का नाम पाकिस्तानी रिपोर्टर चांद नवाब से इंस्पायर्ड था. चांद नवाब का ‘ईद वाला वीडियो’ सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हुआ था. बजरंगी भाईजान दोनों देशों की बीच अमन-शांति की बात करती है.

बजरंगी भाईजान में म्यूजिक प्रीतम का था. फिल्म में कुल 11 गाने थे. फिल्म का बजट करीब 125 करोड़ रुपये का था. मूवी ने इंडिया में 444 करोड़ का जबकि वर्ल्ड वाइड 900 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था. यह एक ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. पाकिस्तानी बॉक्स ऑफिस पर ‘बजरंगी भाईजान’ का भी डंका बजा था. मूवी ने पाकिस्तान में 54 करोड़ का कलेक्शन किया था. बजरंगी भाईजान को बेस्ट फिल्म का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था.
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.