Bollywood Superhit Movies : बॉलीवुड के जाने-माने एक्शन डायरेक्टर ने बाप-बेटे के साथ दो फिल्में बनाई. दोनों फिल्मों का जॉनर अलग-अलग था. दोनों फिल्में 16 साल के अंतराल में बनाई गईं. दिलचस्प बात यह है कि दोनों ही फिल्में सुपरहिट रहीं. एक फिल्म एक्शन-क्राइम ड्रामा थी तो दूसरी रोमांटिक कॉमेडी. हम जिस डायरेक्टर की बात कर रहे हैं, उनका नाम राजकुमार संतोषी है. उन्होंने घायल, घातक, दामिनी जैसी एक्शन-क्राइम फिल्में बनाई हैं. 1994 में ‘अंदाज अपना अपना’ जैसे एक कॉमेडी फिल्म बनाई थी. यह फिल्म उस समय फ्लॉप हो गई थी लेकिन आज इसकी गिनती कल्ट मूवी में होती है. अंदाज अपना-अपना के 15 साल बाद 2009 में राजकुमार संतोषी ने एक और रोमांटिक कॉमेडी फिल्म बनाई. फिल्म को टिप्स इंडस्ट्रीज के बैनर तले रमेश तौरानी ने प्रोड्यूस किया था. इस मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था. आइए जानते हैं इस फिल्म से जुड़े दिलचस्प फैक्ट्स.
राजकुमार संतोषी वैसे तो एक्शन फिल्में बनाने के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने 1994 में पहली बार कॉमेडी फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ बनाई थी. सलमान खान-आमिर खान की इस फिल्म की गिनती आज कल्ट मूवी में होती है. फिर 2009 में उन्होंने एक और कॉमेडी फिल्म ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ बनाई जिसमें रनबीर कपूर, कैटरीना कैफ, उपेन पटेल लीड रोल में थे. फिल्म में जाकिर हुसैन, दर्शन जरीवाला, मिथलेश चतुर्वेदी, नवनीत निशान, स्मिता जयकर सपोर्टिंग रोल में थीं. यह फिल्म 2005 की एक तेलुगू मूवी का रीमेक थी. मेकर्स ने शाहिद कपूर को सबसे पहले इस फिल्म के अप्रोच किया था लेकिन यह कहकर फिल्म करने से इनकार कर दिया था कि वो इसी तरह का रोल 2007 में आई ‘जब वी मेट’ मूवी में निभा चुके हैं. फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी.

फिल्म का म्यूजिक प्रीतम ने कंपोज किया था. गाने इरशाद कामिल और आशीष पंडित ने लिखे थे. रनबीर-कैटरीना की केमिस्ट्री की खूब तारीफ हुई थी. फिल्म में रीमिक्स को मिलाकर 1 घंटे से ज्यादा की लेंग्थ के 14 गाने थे. इन गानों को केके, सुनिधि चौहान, अतीफ असलम, अलीशा चिनॉय, नीरज श्रीधर, जावेद अली जैसे सिंगर ने अपनी आवाज दी थी.

फिल्म का म्यूजिक ब्लॉकबस्टर रहा था. फिल्म के सभी गाने हिट थे. यह साल संगीतकार प्रीतम का था. वो पूरी तरह से बॉलीवुड में छाए हुए थे. फिल्म के पॉप्युलर गानों में ‘कुछ यार नजर नहीं आता, संसार नजर नहीं आता’, ‘तेरा होने लगा हूं’, ‘प्रेम की नैया है राम के भरोसे’, ‘आ जाओ मेरी तमन्ना’ और ‘तू जाने ना’ जैसे गाने बहुत पॉप्युलर हुए थे. ‘तू जाने ना’ के चार वर्जन फिल्म में रखे गए थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google

दिलचस्प तथ्य यह भी है कि रनबीर कपूर के पिता ऋषि कपूर के साथ राजकुमार संतोषी ने 16 साल पहले दामिनी मूवी में काम किया था. यानी पिता के साथ जहां एक्शन फिल्म में काम किया, वहीं बेटे के साथ रोमांटिक कॉमेडी फिल्म बनाई. यह भी दिलचस्प संयोग है कि दोनों ही फिल्में सुपरहिट रहीं. दामिनी फिल्म में सनी देओल के कालजयी डायलॉग ‘तारीख पर तारीख’ के लिए याद की जाती है. 2 करोड़ बजट में बनी दामिनी फिल्म ने 11 करोड़ की बंपर कमाई की थी.

पहली बार रनबीर कपूर और कैटरीना कैफ ने एकसाथ इस फिल्म में काम किया था. एक्टर जाकिर हुसैन वैसे तो निगेटिव रोल्स में नजर आते हैं लेकिन इस फिल्म में वो निगेटिव रोल में पहली बार कॉमेडी करते नजर आए थे. इस फिल्म का क्लाइमैक्स और एंडिंग 1994 की फिल्म अंदाज अपना अपना जैसे से मिलती-जुलती थी.

इस फिल्म के शूटिंग के दौरान ही रनबीर-कैटरीना के बीच अफेयर की खबरें आई थीं. दोनों की पर्सनल जिंदगी चर्चा में रही. इस फिल्म के बाद कैटरीना का सलमान खान से ब्रेकअप हो गया. रनबीर कपूर से उनकी नजदीकियां बढ़ गईं. बाद में दोनों में ब्रेकअप हो गया. रनबीर कपूर ने आलिया भट्ट से शादी कर ली. उधर कैटरीना कैफ की शादी विकी कौशल से हो गई.

सलमान खान ने फिल्म में एक कैमियो किया था. फिल्म के एक सीन में रनबीर कपूर कैटरीना कैफ को सलमान से मिलवाते हैं. इस पर सलमान रनबीर कपूर से कहते हैं कि तुम ऐसे डर रहे हो, जैसे मेरी गर्लफ्रेंड से अपना कहकर मिलवा रहे हो. उन दिनों सलमान-कैटरीना के बीच अफेयर चल रहा था. उनका यह डायलॉग रियल लाइफ में सच्चाई बन गया. राजकुमार संतोषी ऐसे रियल लाइफ डायलॉग फिल्म में इस्तेमाल करने के लिए जाने जाते रहे हैं.

‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ का बजट करीब 44 करोड़ रुपये था. मूवी ने 104 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक सुपरहिट मूवी साबित हुई थी. वेक अप सिड के बाद 2009 में रनबीर कपूर की यह दूसरी हिट फिल्म थी. उन्होंने अपना स्टारडम बॉलीवुड में स्थापित किया.
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.