सान्या मल्होत्रा ने हाल ही में फिल्म इंडस्ट्री की राजनीतिक चुप्पी और सोशल मीडिया के गिरते स्तर पर बेबाक राय साझा की है. एक्ट्रेस ने सीधा सवाल उठाया कि क्या वाकई लोग दूसरों की बात सुनने में रुचि रखते हैं? उन्होंने चिंता जताई कि सोशल मीडिया ने गंभीर विषयों को भी अनसीरियस बना दिया है, जहां महत्वपूर्ण मुद्दे एल्गोरिदम में गुम हो जाते हैं. सान्या के अनुसार, लोगों में सहानुभूति और संवेदनशीलता की कमी हो रही है, जिससे अब जरूरी बातें भी चंद घंटों में भुला दी जाती हैं.
सान्या मल्होत्रा ने बताया कि वह सोशल मीडिया पर अपनी बात खुलकर रखती हैं.
एबीपी नेटवर्क आइडियाज ऑफ इंडिया समिट 2026 में सान्या मल्होत्रा ने कहा, ‘सबको बोलने का हक है, लेकिन सवाल यह है कि क्या सामने वाला सुनने को तैयार है? मैं बिना किसी डर के अपने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखती हूं और वही पोस्ट करती हूं जो मुझे सही लगता है. सच तो यह है कि सोशल मीडिया ने चीजों को बहुत ही अनसीरियस बना दिया है.’
खत्म होती जा रही है संवेदनशीलता
उन्होंने आगे कहा, ‘आज अगर कोई ठोस बात भी करता है, तो लोग उसे स्वीकार नहीं करना चाहते. कुछ दिनों, यहां तक कि चंद घंटों में लोग सब भूल जाते हैं. महत्वपूर्ण मुद्दे अक्सर एल्गोरिदम की भेंट चढ़ जाते हैं. दुख की बात यह है कि लोग अब सिर्फ सोशल मीडिया पर ही अपनी राय देते हैं. संवेदनशीलता खत्म होती जा रही है और लोगों में एक-दूसरे के प्रति सहानुभूति कम हो रही है, जो काफी चिंताजनक है.’
निगेटिव रोल निभाना चाहती हैं सान्या मल्होत्रा
अपनी पसंद के किरदारों पर बात करते हुए सान्या ने कहा, ‘मैं पर्दे पर एक नेगेटिव किरदार निभाना चाहती हूं. एक ऐसा इंसान जिसे मैं खुद पसंद न करती हूं. यह चुनौतीपूर्ण होगा क्योंकि एक एक्टर के तौर पर आपको हर उस कैरेक्टर के साथ जुड़ना पड़ता है जिसे आप निभा रहे होते हैं. उन्होंने आगे कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं कि उन्हें ऐसे बेहतरीन निर्देशकों के साथ काम करने का मौका मिला, जिन्होंने उन्हें उनके कंफर्ट जोन से बाहर निकाला.’
बॉबी देओल संग ‘बंदर’ में नजर आएंगी सान्या मल्होत्रा
वर्कफ्रंट की बात करें तो सान्या जल्द ही फिल्म टोस्टर में राजकुमार राव के साथ नजर आएंगी. इसके अलावा वह अनुराग कश्यप की फिल्म बंदर में बॉबी देओल के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी. यह फिल्म 22 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह फिल्म एक ढलते हुए सितारे की कहानी है, जिस पर रेप का आरोप लगा है. फिल्म के जरिए सिस्टम के अन्याय, अदालतों में दबा दी गई आवाजों और हमारी कानूनी व्यवस्था की कड़वी सच्चाइयों को पर्दे पर उतारने की कोशिश की गई है.
About the Author

साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.