चेक बाउंस केस में 12 दिन तिहाड़ जेल में बिताने के बाद राजपाल यादव को भले अंतरिम जमानत मिल गई हो, लेकिन इससे उनकी मुश्किलें खत्म नहीं हुई हैं. उन्होंने जेल से बाहर आते ही फिल्म इंडस्ट्री से इमोशनल अपील कर दी. दरअसल, उन्हें विवाद को खत्म करने के लिए बकाया कर्ज चुकाना है, जिसके लिए जरूरी है कि उन्हें फिल्मों में काम मिले. विवाद के बीच, कर्ज देने वाले बिजनेसमैन माधव अग्रवाल का भी बयान आया है. अब देखने वाली बात यह है कि फिल्मी सितारे राजपाल यादव की मजबूरी पर कैसे रिएक्ट करते हैं.
राजपाल यादव की मुश्किलें खत्म नहीं हुई हैं.
राजपाल यादव ने जेल से बाहर आते ही एक नई शुरुआत की इच्छा जताई है. उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों और निर्माताओं से बहुत ही विनम्र अपील की है. उन्होंने इंडिया टीवी को दिए इंटरव्यू में कहा, ‘जिन्होंने पहले मेरी मदद की है, वे बस एक और बार मदद कर दें. कैरेक्टर मेरी मर्जी का और पैसा उनकी मर्जी का.’ जाहिर हैं कि राजपाल चाहते हैं कि इंडस्ट्री उन्हें दोबारा मौका दे, ताकि वे अपनी मेहनत से सारा विवाद खत्म कर सकें.
राजपाल यादव का विवाद है पेचीदा
चेक बाउंस मामले के पीछे की कहानी काफी पेचीदा है. बिजनेसमैन माधव गोपाल अग्रवाल से राजपाल को फिल्म बनाने के लिए पैसे उधार मिले थे, उन्होंने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कई चौंकाने वाले खुलासे किए. उन्होंने बताया कि राजपाल और उनकी पत्नी ने बहुत ही इमोशनल होकर उनसे मदद मांगी थी और कहा था कि अगर पैसे नहीं मिले तो सब बर्बाद हो जाएगा. बिजनेसमैन का कहना है कि उन्होंने खुद दूसरों से उधार लेकर राजपाल की मदद की थी और यह एक ‘लोन’ था न कि ‘इन्वेस्टमेंट’. उन्होंने बताया कि राजपाल ने कई बार चेक दिए, लेकिन वे हर बार बाउंस हो गए, जिसके बाद मामला कोर्ट तक पहुंचा.
फिल्ममेकर्स के रिएक्शन का इंतजार
राजपाल यादव को फिलहाल 12 दिन जेल में बिताने के बाद कुछ राहत तो मिल गई है, लेकिन कानूनी तलवार अभी भी उन पर लटकी हुई है. केस अभी खत्म नहीं हुआ है. राजपाल के लिए यह समय अपनी इमेज को दोबारा सुधारने और दर्शकों के बीच वही पुरानी जगह बनाने का है. अब देखना यह होगा कि फिल्म जगत के निर्माता-निर्देशक उनकी इस इमोशनल अपील पर कैसे रिएक्ट करते हैं और क्या हमें दोबारा वही पुराना ‘छोटा डॉन’ पर्दे पर हंसाता हुआ नजर आएगा या नहीं.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.