बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर मिथुन चक्रवर्ती जमीन से जुड़े रहने के लिए जाने जाते हैं और यही संस्कार उन्होंने अपने बेटे नमाशी चक्रवर्ती को भी दिए हैं. नमाशी ने हाल ही में एक दिलचस्प किस्सा बताया कि कैसे उनके पहले ऑडिशन के दौरान पिता मिथुन ने उन्हें लग्जरी मर्सिडीज कार देने से साफ मना कर दिया था. पिता ने हिदायत थी कि वह एक स्टार किड के तौर पर नहीं, बल्कि एक आम स्ट्रगलर की तरह ऑटो और नाव का सफर तय कर ऑडिशन देने अंधेरी पहुंचें. मिथुन चक्रवर्ती चाहते थे कि उनका बेटा जीरो से शुरुआत करें और संघर्ष की अहमियत समझे.
मिथुन चक्रवर्ती के बेटे नमाशी चक्रवर्ती ने बताया अपने पहले ऑडिशन का किस्सा.
पूजा सामंत के साथ बातचीत में नमाशी चक्रवर्ती ने दिलचस्प किस्सा शेयर करते हुए बताया, ‘अप्रैल 2016 की बात है, जब मुझे पहला ऑडिशन कॉल आया. मैंने पापा को बताया तो उन्होंने कहा कि बिल्कुल जाओ. पर साथ ही उन्होंने एक शर्त रख दी. उन्होंने साफ कहा कि आज तुम मर्सिडीज से नहीं जाओगे. ऑडिशन अंधेरी में है, तो यहां से ऑटो पकड़ो, फिर जेटी से पार जाओ और वहां से दूसरा ऑटो लो.’
मिथुन चक्रवर्ती ने ऑटो से जाने की दी सलाह
नमाशी ने आगे बताया, ‘पापा ने मुझसे कहा कि आज मेरा बेटा ऑडिशन देने नहीं जा रहा, बल्कि नमाशी चक्रवर्ती नाम का एक नया लड़का अपना पहला ऑडिशन देने जा रहा है. इसी एटीट्यूड के साथ घर से बाहर निकलो.’ शुरुआत में नमाशी को लगा कि ऑटो से जाने या न जाने से क्या फर्क पड़ता है, लेकिन जल्द ही उन्हें पिता की बात का गहरा मतलब समझ आ गया.
नमाशी चक्रवर्ती को समझ आई पिता की सीख
उन्होंने बताया, ‘पापा चाहते थे कि मैं जीरो से शुरुआत करूं और उस ऐशो-आराम को भूल जाऊं जिसमें मैं पला-बढ़ा हूं. उस दिन जिंदगी में पहली बार मैंने ऑटो लिया और वर्सोवा जेटी तक का सफर तय किया. ऑडिशन तो अच्छा रहा, लेकिन बात नहीं बनी. खैर, काम मिले न मिले, पर उस दिन ने मुझे असल मायने में आजाद होना सिखा दिया.’
पिता ने स्टारकिड होने का बोध कंधे से उतार दिया
नमाशी का कहना है कि उस एक अनुभव ने उन्हें पूरी तरह बदल दिया. उन्होंने बताया, ‘आज भी जब मुझे जरूरत होती है, तो मैं बेझिझक ऑटो से सफर करता हूं. सच कहूं तो, उस दिन पापा ने मेरे कंधों से स्टार किड होने का वो भारी बोझ उतार दिया था. शुरुआत में थोड़ा अजीब जरूर लगा, लेकिन वो एहसास मुझे ज़मीन से जोड़ने वाला और बहुत जरूरी था.’
About the Author

साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.