ईशा गुप्ता दुबई में मिसाइल हमलों के कारण फंसी थीं, लेकिन यूएई और भारत सरकार की मदद से सुरक्षित भारत लौट आईं. उन्होंने दोनों देशों की व्यवस्था की सराहना की. उन्होंने उन सभी का धन्यवाद किया, जो लोगों को घर पहुंचाने में मदद कर रहे हैं. ईशा गुप्ता ने कहा, “आपका देश वाकई खास है.” इसी के साथ ही, ईशा ने भारत सरकार का भी शुक्रिया अदा किया, जिसने नागरिकों को भरोसा दिलाया और वापसी में मदद की.
ख़बरें फटाफट
ईशा गुप्ता ने दुबई सरकार की तारीफ की. (फोटो साभारः इंस्टाग्राम @egupta)
मुंबई. एक्ट्रेस ईशा गुप्ता कुछ दिनों से दुबई में फंसी हुई थीं. मिसाइलों के हमलों और हवाई क्षेत्र के बंद होने की वजह से फ्लाइट्स रद्द हो गई थीं. मंगलवार को अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया कि अब वे सुरक्षित रूप से दुबई से भारत लौट आई हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर किया. इस नोट में उन्होंने अपनी आने की जानकारी के साथ वहां के मुश्किल हालातों का जिक्र किया और यूएई की सरकार की तारीफ की. उन्होंने लिखा, “मैं अपने घर पर वापस सुरक्षित लौट आई हूं. आप सभी की प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए बहुत बहुत शुक्रिया. मेरे लिए यह स्थिति बहुत कठिन थी, लेकिन भगवान की असीम कृपा से हम सब सुरक्षित हैं.”
ईशा गुप्ता ने बताया कि यह पूरा मामला 28 फरवरी, रविवार को शुरू हुआ था, जब वे अबू धाबी एयरपोर्ट पर थीं. उन्होंने लिखा, “दोपहर 1 बजे के आसपास एयरपोर्ट बंद हो गया. चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई. फिर मिसाइल हमलों की खबरें आने लगीं. अगले पल क्या होगा, यह कोई नहीं जानता था. एयरपोर्ट पर अजनबी लोग एक-दूसरे को सांत्वना दे रहे थे. सब अपने परिवार वालों को फोन करके बता रहे थे.”