अनुभव सिन्हा हाल ही में तापसी पन्नू के साथ फिल्म ‘अस्सी’ लेकर आए. फिल्म के प्रमोशन और बातचीत के दौरान डायरेक्टर ने सोशल मीडिया एक्स से दूर होने और तीनों खान से अपनी नाराजगी पर चुप्पी तोड़ी. वो कहते हैं कि वो सलमान, शाहरुख और आमिर से नाराज थे क्योंकि वो कभी भी देश के किसी भी मुद्दे पर अपनी राय नहीं रखते हैं और चुपचाप कन्नी कांट लेते हैं.
अनुभव सिन्हा
जूम के साथ लेटेस्ट इंटरव्यू में अनुभव सिन्हा ने इसपर दोबारा विचार करते हुए कहा कि वो नामी स्टार्स की चुप्पी से नाराज थे. वो कहते हैं, ‘बेबाकी के लिए कोई फिल्टर नहीं होता. मैं इन स्टार्स को व्यक्तिगत रूप से जानता था, इसलिए कोई हिचक नहीं थी कि वे सुपरस्टार हैं. बेबाकी में कोई समझदारी नहीं होती. मैं देश के हालात और उसमें हमारी भूमिका को लेकर गुस्से में था’. वो आगे कहते हैं कि अब वो किसी भी मुद्दे पर बात नहीं करते हैं क्योंकि उनकी नजर में ट्विटर जो अब एक्स बन चुका है खुद ही एक मजाक बन कर रह गया है.
एक्स से क्यों दूर हुए अनुभव सिन्हा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) से दूर होने की वजह बताते हुए डायरेक्टर ने कहा, ‘एक समय के बाद ट्विटर ऐसा हो गया कि पता ही नहीं चलता था कि आप किसी इंसान से बात कर रहे हैं या कंप्यूटर से. इसका कोई मतलब नहीं रह गया था. मैं अब जिंदगी में शांत हो गया हूं. जब तक किसी बहस का नतीजा नहीं दिखता, मैं उसमें नहीं पड़ता. एनर्जी बर्बाद करने का कोई फायदा नहीं’.
अनुभव सिन्हा को बेबाकी का उठाना पड़ा खामियाजा
इस बेबाकी के नुकसान के बारे में बात करते हुए वो आगे कहते हैं कि उनके करीबी और शुभचिंतकों ने उन्हें पहले ही आगाह किया था कि उन्हें मुखर होने की कीमत चुकानी पड़ेगी. वो कहते हैं कि हर मुद्दे पर राय रखना उनके लिए कभी-कभी काफी भारी पड़ जाता है जिसका साफ असर उनके काम पर दिखता है. वो आगे कहते हैं कि अब एक्स अपनी बात और राय रखने की बजाय सिर्फ एक मार्केटिंग टूल बनकर रह गया है.
7 साल पहले तीनों खान से जताई थी नाराजगी
अनुभव सिन्हा ने कहा कि वो अपनी फिल्मों के जरिए अपने नजरिए को दर्शकों तक पहुंचाते रहेंगे. तीनों खान पर डायरेक्टर ने अपनी फिल्म ‘आर्टिकल 15’ की रिलीज के दौरान नाराजगी जाहिर की थी. उन्होंने कहा था कि पूरे देश में सीएए को लेकर प्रदर्शन हो रहे थे लेकिन सलमान, आमिर और शाहरुख चुप्पी साधे हुए थे.
About the Author

प्रांजुल सिंह 3.5 साल से न्यूज18 हिंदी से जुड़ी हुई हैं. उन्होंने Manorama School Of Communication (MASCOM) से जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन में डिप्लोमा किया है. वो 2.5 साल से एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही है…और पढ़ें
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.