मुंबई में अक्षय कुमार के सिक्योरिटी काफिले से जुड़ा कार एक्सीडेंट इन दिनों सुर्खियों में है. इस हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सड़क हादसे किसी को भी अपना शिकार बना सकते हैं, फिर चाहे वह आम इंसान हो या बड़ा सेलेब्रिटी. इसी बहाने नजर डालते हैं उन स्टार्स पर, जिनके सड़क हादसे कभी चर्चा का विषय बन चुके हैं.
नोरा फतेही भी हुई थीं शिकार
अक्षय कुमार अकेले ऐसे सेलेब्रिटी नहीं हैं, जिनका नाम सड़क हादसे से जुड़ा हो. इससे पहले भी कई स्टार्स ऐसे एक्सीडेंट का शिकार हो चुके हैं.बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही भी एक कार हादसे में घायल हुई थीं. यह दुर्घटना मुंबई के अंबोली इलाके में लिंक रोड के पास हुई थी. नोरा अपनी कार से सनबर्न म्यूजिक फेस्टिवल में परफॉर्म करने जा रही थीं, तभी यह हादसा हुआ. उन्हें मामूली चोटें आई थीं और फर्स्ट एड के लिए अस्पताल ले जाया गया था. पुलिस ने इस मामले में शराब के नशे में गाड़ी चलाने और तेज रफ्तार के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया था. खास बात यह रही कि हादसे के बावजूद नोरा ने उसी शाम फेस्टिवल में परफॉर्म कर सभी को चौंका दिया.
जीशान खान का भी सामने आया था नाम
टीवी इंडस्ट्री भी ऐसे हादसों से दूर नहीं रही है. बिग बॉस ओटीटी फेम और कुमकुम भाग्य व नागिन जैसे शोज में नजर आ चुके अभिनेता जीशान खान की कार भी एक एक्सीडेंट में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी. यह हादसा वर्सोवा इलाके में हुआ, जब उनकी कार सामने से आ रही एक दूसरी गाड़ी से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एयरबैग तक खुल गए. गनीमत रही कि जीशान को कोई गंभीर चोट नहीं आई. इसके बाद उन्होंने खुद पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई थी.
विदेश में रहने वाले सेलेब्रिटी भी सड़क हादसों से अछूते नहीं हैं. अभिनेत्री रंभा कनाडा में एक गंभीर कार एक्सीडेंट का शिकार हुई थीं. हादसे के वक्त कार में उनके बच्चे और नैनी भी मौजूद थे. सभी सुरक्षित रहे, लेकिन उनकी छोटी बेटी साशा को एहतियातन अस्पताल में भर्ती कराया गया था. रंभा ने सोशल मीडिया पर हादसे की तस्वीरें शेयर कर फैंस से दुआ करने की अपील की थी. तस्वीरों में कार की हालत देखकर हादसे की गंभीरता साफ नजर आ रही थी.
बता दें कि साउथ के सुपरस्टार और मशहूर रेसर अजित कुमार भी एक्सीडेंट को लेकर चर्चा में रह चुके हैं. पुर्तगाल में मोटरस्पोर्ट इवेंट के एक प्रैक्टिस सेशन के दौरान उनकी रेसिंग कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. अजित ने खुद बताया था कि हादसा छोटा था और किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ. इससे पहले दुबई में 24एच दुबई 2025 रेस की प्रैक्टिस के दौरान भी उनकी पोर्श कार बैरियर से टकरा गई थी.
About the Author

न्यूज 18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे मुनीष कुमार का डिजिटल मीडिया में 9 सालों का अनुभव है. एंटरटेनमेंट रिपोर्टिंग, लेखन, फिल्म रिव्यू और इंटरव्यू में विशेषज्ञता है. मुनीष ने जामिया मिल्लिया इ…और पढ़ें
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.