बॉलीवुड एक्टर इमरान खान ने अपने करियर के शुरुआती संघर्षों को याद करते हुए एक बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने इमरान ने बताया कि डेब्यू फिल्म ‘जाने तू या जाने ना’ से पहले उन्होंने राकेश ओमप्रकाश मेहरा की ‘दिल्ली 6’ के लिए बाकायदा ऑडिशन दिया था. हालांकि, सब कुछ सही होने के बावजूद उन्हें फिल्म में काम नहीं मिला. इमरान के मुताबिक, उस वक्त मेकर्स किसी बिल्कुल नए और अनचाहे चेहरे पर भारी-भरकम बजट लगाने का जोखिम उठाने को तैयार नहीं थे.
नए चेहरे पर पैसा लगाने को तैयार नहीं थे मेकर्स
इमरान खान ने पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में बताया, ‘करियर के अलग-अलग पड़ावों पर ऐसी कई फिल्में आईं, जिन पर बात बनते-बनते रह गई. राकेश ओमप्रकाश मेहरा के साथ वह फिल्म ‘दिल्ली 6′ थी. उस वक्त मैंने अपनी एक भी फिल्म साइन नहीं की थी और लीड रोल के लिए मैंने बाकायदा ऑडिशन भी दिया था. लेकिन मेकर्स उस समय नए चेहरे पर पैसा लगाने का जोखिम नहीं उठाना चाहते थे.’
साल 2009 में फ्लॉप हुई थी अभिषेक बच्चन की फिल्म
दिलचस्प बात है कि साल 2009 में आई फिल्म ‘दिल्ली 6’ में आखिर में अभिषेक बच्चन को कास्ट किया गया. फिल्म की कहानी एक भारतीय मूल के अमेरिकी लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी बीमार दादी के साथ पहली बार भारत आता है और यहां के सांप्रदायिक तनाव और सामाजिक ताने-बाने में उलझ जाता है. हालांकि, रिलीज के बाद फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली और यह बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई.
इमरान खान ने साल 2008 में की थी करियर की शुरुआत
बताते चलें कि इमरान खान ने साल 2008 में ‘जाने तू या जाने ना’ से बॉलीवुड में कदम रखने के बाद ‘आई हेट लव स्टोरीज’, ‘ब्रेक के बाद’, ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ और ‘एक मैं और एक तू’ जैसी रोमांटिक-कॉमेडी फिल्मों से अपनी खास पहचान बनाई. वहीं, ‘डेली बेली’ जैसी एक्शन-कॉमेडी में उनके काम को काफी सराहा गया. लेकिन ‘कट्टी बट्टी’ के बाद उन्होंने एक्टिंग की दुनिया से पूरी तरह दूरी बना ली.
About the Author

साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें
Discover more from Bollywood News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.